Hindi News / Chhattisgarh / Raigarh / 33 हजार किसानों ने कराया बीमा, क्लेम करने पहुंचे सिर्फ 1079, जानिए क्यों पीछे हट रहे अन्नदाता?
33 हजार किसानों ने कराया बीमा, क्लेम करने पहुंचे सिर्फ 1079, जानिए क्यों पीछे हट रहे अन्नदाता?
Cyclone Crop Damage: रायगढ़ जिले में अर्नब चक्रवात ने धान और सब्जी की फसलों को काफी नुकसान पहुंचाया है। इसके बावजूद किसान फसल बीमा और आरबीसी 6-4 के तहत मुआवजे के लिए क्लेम करने से कतरा रहे हैं।
Crop Insurance Claim: अर्नब चक्रवात ने रायगढ़ जिले में धान व सब्जी के काफी बड़े हिस्से को नुकसान पहुंचाया है, लेकिन जब फसल बीमा और आरबीसी 6-4 में क्लेम की बात करें तो इससे लागत की भरपाई नहीं निकल पा रही है। इसके कारण किसान क्लेम करने से पीछे हट रहे हैं और समर्थन मूल्य में धान विक्रय का निर्णय ले रहे हैं।
जिले में देखा जाए तो सिर्फ धान विक्रय करने के लिए करीब 85 हजार किसानों ने पंजीयन कराया है, जबकि कृषि विभाग के रिकार्ड पर गौर किया जाए तो इस बार फसल बीमा का लाभ सिर्फ 32 हजार 972 किसानों ने ही कराया है। 1 लाख 21 हजार हेक्टेयर रकबे के पंजीयन के विरूद्ध 28 हजार 826 हेक्टेयर का ही फसल बीमा किसानों ने कराया था।
हालांकि फसल बीमा का लाभ नहीं लेने वाले किसानों के सामने आपदा में नुकसान के बाद आरबीसी 6-4 के तहत भी मुआवजा हासिल करने क्लेम कर सकते हैं, लेकिन अब तक की स्थिति में देखा जाए तो बीमा का लाभ लेने से रकबा में कटौती होने के भय से जिले में सिर्फ 1079 किसानों ने फसल नुकसान को लेकर क्लेम किया है जिसमें से 67 किसानों का क्लेम सर्वे रिपोर्ट पूरी करने के बाद स्वीकृत किया गया है। शेष किसान दोनों ही योजना में क्लेम नहीं करना चाह रहे हैं इसके पीछे प्रमुख कारण फसल बीमा ओर आरबीसी 6-4 में मिलने वाली राशि से किसानों को फसल का लागत न मिल पाना बताया जा रहा है।
फसल बीमा के तहत क्लेम करने पर संयुक्त टीम द्वारा सर्वे किया जाता है असिंचित में प्रति हेेक्टेयर अगर 100 प्रतिशत नुकसान है तो 47 हजार 300 रुपए का बीमा राशि मिलेगा, लेकिन खेतों में 20-30 प्रतिशत का नुकसान हुआ है इसके कारण 30 प्रतिशत का क्लेम मिलेगा और रकबा कटने से 3100 रुपए व बोनस दोनों से वंचित होना पड़ेगा।
राजाराम, किसान के मुताबिक, मुआवजे की राशि काफी कम होती है। इसके कारण किसानों को क्लेम करने के लिए सोचना पड़ रहा है। आरबीसी 6-4 में भी काफी मशक्कत के बाद काफी कम मुआवजा है।
कुमार साय निषाद, किसान के मुताबिक, चक्रवात से फसल को नुकसान तो पहुंचा है, लेकिन बीमा का लाभ लेने से शासन की अन्य योजना से वंचित होना पड़ेगा।
सूरत पटेल, किसान के मुताबिक, इस बार एक ओर जहां चक्रवात से किसानों को नुकसान हुआ है तो वहीं दूसरी ओर गिरदावरी में भी त्रुटियों की भरमार है। जिसके कारण किसान परेशान हैं।
सुरेंद्र पटेल, प्रभारी उप संचालक कृषि विभाग रायगढ़ के मुताबिक, चक्रवात से नुकसान के बाद 1079 किसानों का क्लेम आया है जिसमें से 67 किसानों का क्लेम सर्वे रिपोर्ट के आधार पर एपु्रव किया गया है। बीमा का लाभ लेने से किसान समर्थन मूल्य में विक्रय नहीं कर पाएंगे। इसके कारण किसान क्लेम करने से कतरा रहे हैं।