
Uttar Pradesh News: नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे एडिशन की तैयारियां पूरी हो गई हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह थोड़ी देर में इसका शुभारंभ करेंगे। इससे पहले अमित शाह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ गोल्फ कार्ट में बैठकर एक्सपो पहुंचे और अलग-अलग स्टॉल का जायजा लिया। उन्होंने अफसरों से आयोजन की तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली। 29 सितंबर तक चलने वाले इस ट्रेड शो में 85 देशों से 600 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के पहुंचने की संभावना है। आयोजकों को इस बार 2 लाख करोड़ रुपये के व्यापार की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो के दूसरे संस्करण के उद्घाटन मौके पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि अमित शाह इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद हैं और उनका मार्गदर्शन मिल रहा है। सीएम योगी ने जापान, सिंगापुर और बेलारूस के राजदूतों व हाई कमिश्नरों का भी स्वागत किया, जो ट्रेड शो में पार्टनर देशों के रूप में शामिल हुए हैं। उन्होंने दुनिया के 90 देशों से आए विदेशी खरीदारों और प्रदर्शकों का भी स्वागत किया। योगी ने कहा कि पिछले साल उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मार्गदर्शन मिला था।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो पिछले चार वर्षों से प्रदेश में बने उत्पादों को सामने लाने का मंच बना हुआ है। उन्होंने कहा कि ट्रेड शो के जरिए यूपी के अलग-अलग उत्पादों को प्रदर्शित करने का बेहतर मौका मिल रहा है। ट्रेड शो के चौथे संस्करण में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद हैं। योगी ने कहा कि प्रदेश के खास उत्पादों को आगे बढ़ाने में अमित शाह प्रेरणा और मार्गदर्शन दे रहे हैं। इनमें MSME, ODOP और One District One Cuisine प्रमुख हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में हुनर और क्षमता की कभी कमी नहीं रही, जरूरत सिर्फ उन्हें पहचानकर सही मंच देने की थी। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने के बाद पारंपरिक उद्यमों और स्थानीय उत्पादों को वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) के जरिए नई पहचान देने का काम किया गया। डबल इंजन सरकार ने स्थानीय उत्पादों और कारीगरों के हुनर को वैश्विक बाजार से जोड़ने पर जोर दिया। एक्सप्रेसवे और बेहतर कनेक्टिविटी से ऐसा नेटवर्क तैयार हुआ है, जिससे यूपी के उत्पाद देश और दुनिया के बाजार तक पहुंच रहे हैं। स्किल डेवलपमेंट और टूल किट जैसी योजनाओं से भी कारीगरों को बाजार से जोड़ने में मदद मिल रही है।
योगी ने कहा कि भारत कभी दुनिया में ‘सोने की चिड़िया’ के नाम से जाना जाता था। बाद में देश की शक्तियां बंटती गईं और भारत गुलाम हुआ। उस दौर का असर सिर्फ देश की आजादी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि हस्तशिल्प, बुनकरों और पारंपरिक हुनर को भी नुकसान उठाना पड़ा। आजादी के बाद भी लंबे समय तक इन हुनरमंद लोगों को वह मंच नहीं मिला, जिसकी उन्हें जरूरत थी। इसका असर नई पीढ़ी पर पड़ा और वह धीरे-धीरे अपने पारंपरिक काम और जड़ों से दूर होने लगी।