नोएडा

योगी सरकार की बड़ी पहल, सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की रिपोर्ट पहुंचेगी पेरेंट्स के फोन पर

प्रदेश में पहली बार स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों की रिपोर्ट पेरेंट्स के फोन पर पहुंचेगी।

2 min read
Apr 15, 2018

नोएडा। अभी तक प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों की हाजिरी महज लिखित रूप से ली जाती थी। लेकिन अब जल्द ही गौतमबुद्ध नगर के बिसरख ब्लॉक में ली जाने वाली बच्चों की हाजिरी उनके पेरेंट्स तक भी पहुंच जाएगी।

फिलहाल एक ब्लॉक में शुरु होगा प्रयोग

इसके लिए मई माह से शिक्षा विभाग द्वारा एक नया प्रयोग किया जा रहा है। जिसके द्वारा बिसरख ब्लॉक के 178 परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों की हाजिरी स्कूल शुरु होने के दो घंटे की भीतर पेरेंट्स के मोबाइल पर मैसेज द्वारा उपस्थिति पहुंच जाएगी। इसके लिए शिक्षा विभाग द्वारा विशेष सॉफ्टवेयर तैयार कराया गया है। इसके साथ ही इन सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्य अपने मोबाइल और कंप्यूटर से इस योजना की निगरानी कर सकेंगे।

बेसिक शिक्षा अधिकारी बालमुकुंद प्रसाद ने बताया कि अभी तक पूरे प्रदेश में इस तरह की सुविधा की शुरुआत गौतमबुद्ध नगर से हो रही है। हालांकि अभी इस सोफ्टवेयर को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में सिर्फ एक ही ब्लॉक को अपनाया गया है। लेकिन छमाही परीक्षा के बाद इसे पूरे जिले के लगभग 90 हजार बच्चों के लिए शुरू किया जाएगा।

ऐसे करेगा काम

बता दें कि परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों की तरफ से छात्रों की हाजिरी उपस्थिति पंजिका में दर्ज की जाएगी। इसके बाद महज आधे घंटे के अंदर ही यह रिपोर्ट प्रधानाचार्य कक्ष में पहुंचाकर सॉफ्टवेयर में चढ़ाई जाएगी। वहीं इस सॉफ्टवेयर में उपस्थिति रिपोर्ट चढ़ने के तुरंत बाद स्कूल में अनुपस्थित छात्रों की सूचना सॉफ्टवेयर के माध्यम से पेरेंट्स के मोबाइल पर मैसेज के जरिए पहुंच जाएगी।

शिक्षकों को दिया गया प्रशिक्षण

शिक्षा विभाग द्वारा शुरु किए गए इस पूरे प्रोजेक्ट में भागेदारी करने के लिए बिसरख ब्लॉक के कुल 882 शिक्षकों को इस सॉफ्टवेयर में बच्चों की हाजिरी अपलोड करने का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इस प्रोजेक्ट के लिए तीन एबीआरसी की एक टीम भी तैयार की जा चुकी है जो रोजाना बच्चों की सुरक्षा के लिए इसकी शुरुआती तीन महीने तक समीक्षा करेगी।

Published on:
15 Apr 2018 12:08 pm
Also Read
View All