
नोएडा/ग्रेटर नोएडा। कोरोना वायरस के मद्देनजर लगाए गए लॉकडाउन से गौतमबुद्ध नगर जिले में लाखों उद्योग व कारोबार बंद हो गए हैं। जिसके चलते कारोबारियों, व्यापारियों और उद्यमियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा रहा है। इनके लिए जनपद की तीनों प्राधिकरणों ने संयुक्त रूप से फैसला लिया है। वहीं इस पर उद्यमियों का कहना है कि इससे कोई खास राहत नहीं मिली है।
शुक्रवार को जनपद की तीनों विकास प्राधिकरणों (नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण) ने औद्योगिक, व्यवसायिक और संस्थागत इकाइयों को कुछ शर्तों के साथ तीन माह बाद जमा कराने की छूट दी है। इस पर किसी भी तरह की पेनल्टी या ब्याज नहीं लगाया जाएगा। ये फैसला नोएडा इंटरप्रिंययर्स एसोसिएशन (NEA) की मांग पर लिया गया है।
दरअसल, नोएडा एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन तीनों विकास प्राधिकरण से अपील की थी कि लॉकडाउन के दौरान कारोबारियों, व्यापारियों और उद्यमियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वह अपने श्रमिक और कर्मचारियों को सैलरी देकर उनके घर चलाने का काम कर रहे हैं। ऐसे में प्राधिकरणों के चार्जों को चुकाना संभव नहीं हो पाएगा। इस पर प्राधिकरणों ने फैसला लेते हुए लीज रेंट और वाटर चार्ज जमा करने के लिए 30 जून तक का समय दिया है।
ऑनलाइन प्राथना पत्र कराना होगा जमा
नोएडा प्राधिकरण की मुख्य कार्यपालक अधिकारी रितु माहेश्वरी का कहना है कि जिन लोगों को 30 जूून तक चार्ज जमा करने की सुविधा का लाभ लेना है उन्हें एक प्रार्थना पत्र ऑनलाइन ईमेल के माध्यम से प्रस्तुत करना होगा। यदि देयता 30 जून तक प्राधिकरण के खाते में पैसा जमा नहीं कराते तो संपूर्ण स्थगन अवधि के लिए उसे डिफॉल्टर बनाते हुए ब्याज सहित पैसा जमा कराना होगा।
'समय बढ़ाया है, कोई राहत नहीं मिली'
प्राधिकरणों के इस फैसले पर नोएडा एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विपिन मल्हन ने कहा कि उद्योग और व्यापार बंद होने से लोगों को बहुत नुकसान हो रहा है। साथ ही कर्मचारियों की सैलरी भी दी जा रही है। जो कि बहुत बड़ी बात है। ऐसे में अनुरोध किया गया था कि प्राधिकरण लॉकडाउन पीरियड के दौरान का लीज रेंट और वाटर सरचार्ज माफ कर दे, लेकिन अधिकारियों ने फैसला लेते हुए सिर्फ इन्हें जमा कराने का समय बढ़ाया है। इससे किसी तरह कोई राहत नहीं मिली है।