नोएडा

वेस्ट यूपी में भारत बंद के दौरान कांग्रेसियों का उपद्रव, मुरादाबाद में रोकी ट्रेन

पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस के भारत बंद का पश्चिम उत्तर प्रदेश में मिला-जुला असर

3 min read
Sep 10, 2018
वेस्ट यूपी में भारत बंद के दौरान कांग्रेसियों का उपद्रव, मुरादाबाद में रोकी ट्रेन

नोएडा. पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस के भारत बंद का पश्चिम उत्तर प्रदेश में मिला-जुला असर देखने को मिला। बता दें कि कांग्रेस के इस भारत बंद को करीब 20 विपक्षी राजनीतिक दलों ने हिस्सा लिया। सोमवार सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक बुलाए गए बंद के दौरान वेस्ट यूपी के शहरों में ज्यादातर बाजार खुले नजर आए। मुरादाबाद में जहां रेलवे ट्रैक को बाधित करते हुए उत्तरांचल संपर्क क्रांति एक्सप्रेस को रोक दिया गया। वहीं गाजियाबाद में कुछ दुकानें बंद नजर आई तो कुछ रोजाना की तरह खुलीं। यहां सड़कों पर उतरे कांग्रेसियों ने जबरन दुकानों को बंद कराने का प्रयास भी किया। इसी तरह नोएडा, सहारनपुर, मेरठ, शामली, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर और रामपुर में सड़क पर उतरे कांग्रेसियों नेताओं ने पैदल मार्च करते हुए व्यापारियों से प्रतिष्ठान बंद करने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला अौर बढ़ती महंगाई के लिए भाजपा को जिम्मेदार बताया।

ये भी पढ़ें

भारत बंद के जरिए कांग्रेस ने अपनी गिरती हुई साख को बचाने की कोशिश की: बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष

इस दौरान कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि पेट्रोल डीजल के साथ-साथ रसोई गैस की बढ़ती कीमत पर सरकार सजग नहीं है। इससे जनता के मन में सरकार के प्रति अविश्वास पैदा होता जा रहा है। पूरी तरह से अर्थव्यवस्था नीचे जा रही है। हमारा रुपया डॉलर के मुकाबले काफी नीचे चला गया है। जबकि मोदी की सरकार ने बड़े-बड़े वादे किए थे। डॉलर नीचे जाएगा रुपया ऊपर आएगा, लेकिन यहां यह पूरा उलट साबित हो रहा है। इसकी वजह से लगातार महंगाई है बढ़ रही है। एक तरफ तो भाजपा ने उज्ज्वला योजना के तहत गैस के सिलेंडर बांटे हैं, लेकिन 900 सो रुपए की कीमत का गैस सिलेंडर खरीदकर गरीब आदमी कैसे उसका उपयोग करेगा। वहीं डीजल-पेट्रोल के दाम आसमान छू रहे हैं, जिससे देश के सभी नागरिकों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस पार्टी इसका विरोध करती है। साथ ही कांग्रेस के नेताओं ने उत्तर प्रदेश के बकाया गन्ना किसानों के भुगतान की मांग करते हुए सरकार से जल्द बकाया भुगतान कराए जाने की मांग की।

मुरादाबाद में रोकी ट्रेन

पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेसियों ने शहर में जुलूस निकाला। इस दौरान शहर का मुख्य बाजार खुला था, जिसे कांग्रेसियों ने बंद करा दिया। वहीं बड़ी संख्या में कांग्रेसी रेलवे ट्रैक पर भी पहुंच गए। जहां उन्होंने रेलवे ट्रैक को बाधित करते हुए उत्तरांचल संपर्क क्रांति एक्सप्रेस को रोक दिया।

गाजियाबाद में जबरन बंद कराई दुकानें

गाजियाबाद में कांग्रेस पार्टी और उसके सहयोगी दलों के नेता और कार्यकर्ता सुबह से ही सड़कों पर उतर आए। यहां भारत बंद का मिला-जुला असर दिखाई दिया। कुछ दुकानें खुली दिखाई दी तो कुछ दुकानें बंद रहीं। कांग्रेसियों ने इस दौरान दुकानों को जबरन बंद कराने का भी प्रयास किया।

रामपुर में बेगम नूरबानो सड़क पर

वहीं रामपुर में बेगम नूरबानो के नेतृत्व में दर्जनों कांग्रेसी सड़क पर पैदल मार्च करते हुए मुख्य बाजार पहुंचे और व्यापारियों से भारत बंद में समर्थन करने का आह्वान किया। इस दौरान कांग्रेसियों ने मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।

शामली में नहीं दिखा असर

शामली में भारत बंद को लेकर कांग्रेसियों ने पैदल मार्च निकाला। इसके बाद कांग्रेसियों ने सुभाष चौक पर धरना दिया। हालांकि भारत बंद के दौरान शहर का मुख्य बाजार अन्य दिनों की तरह खुला।

बुलंदशहर: पुलिस हिरासत में लिए गए कांग्रेसी

बुलंदशहर में कांग्रेस के भारत बंद का खासा असर नजर आया। कालाआम चौराहा स्तिथ मलका पार्क में कांग्रेसियों ने जमकर हंगामा काटा। इस दौरान कांग्रेसियों ने पीएम मोदी और सीएम योगी के खिलाफ भी जमकर की नरेबाजी की। कांग्रेसियों ने यहां चूल्हा रखकर पकौड़े भी बनाए। प्रदर्शन की खबर मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने कुछ कांग्रेसियों को हिरासत में ले लिया।

रालोद-सपा ने भी किया बंद का समर्थन

डीजल-पेट्रोल, रसोई गैस की मूल्य वृद्धि के विरोध में बुलाए गए भारत बंद मुजफ्फरनगर में मिला-जुला असर रहा। यहां बाजार व स्कूल रोजाना की तरह खुले। बाजार बंद कराने के लिए कांग्रेसी सड़कों पर उतरे, लेकिन बाजार बंद नहीं करा पाए। इसके बाद कांग्रेसियों ने शिव चौंक पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। बता दें कि यहां कांग्रेसियों के साथ सपाई और रालोद कार्यकर्ता भी नजर आए।

ये भी पढ़ें

भारत बंद: मोदी सरकार के खिलाफ सड़क पर दिख रही नाराजगी, कांग्रेस को मिल रहा आम जनता का साथ
Published on:
10 Sept 2018 01:20 pm
Also Read
View All