नोएडा

योगी राज में चोरी हुई भाजपा नेता की बकरी, एक हफ्ते से ढूंढ रही है पुलिस

योगी राज में भाजपा नेता की चोरी हुई बकरी को सात दिनों से पुलिस ढूंढ रही है।  
2 min read
• •
Updated: 27 Jan 2018, 3:52 PM IST
BJP leader goat theft

नोएडा।यूपी पुलिस डीजीपी के आदेशों के बाद भले ही आम आदमी के घर में हुर्इ चोरी या लूट की गुहार न सुने, लेकिन नेताओं की भैंस व सेलिब्रिटी के डॉग से लेकर बकरी चोरी होने तक की शिकायत मिलते ही सजग हो जाती है। इसका उदाहरण सपा सरकार में तो देखा ही गया था। अब भाजपा सरकार में भी ऐसा ही एक मामला सामने आया है। जी हां, ग्रेटर नोएडा के दनकौर पुलिस भाजपा नेता की तहरीर मिलने पर सा दिन से उनकी चोरी हुर्इ बकरी की तलाश में जुटी है। इतना ही नहीं पुलिस बकरी तलाशने के लिए कर्इ गांव के चक्कर भी लगा चुकी है, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिले।

भाजपा अल्‍पसंख्‍यक मोर्चा के हैं नगर अध्‍यक्ष

दनकौर के बिलासपुर कस्बा निवासी अतीक उर्ररहमान भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के नगर अध्यक्ष हैं। वह घर में बकरी रखते हैं। सात दिन पहले शनिवार रात उनके आंगन से एक बकरी चोरी हो गर्इ। पता लगते ही उन्‍होंने इसकी दनकौर थाना की बिलासपुर चौकी पर तहरीर दी। अब नेता जी की तहरीर लेकर पुलिस उनकी बकरी तलाश रही है। हालांकि, पिछले सात दिनों से अब तक उसका कुछ पता नहीं लग पाया है। वहीं, पुलिस की मानें तो सात दिन में आसपास के कई गांवों में बकरी की तलाश की गई है। दनकौर कोतवाली प्रभारी प्रमोद अली पुंडीर ने बताया कि थाने की बिलासपुर चौकी पर बकरी चोरी की शिकायत मिली है। इस पर चोरों का पता लगाया जा रहा है। वहीं, दनकौर कोतवाल प्रभारी फरमूद अली कुंढीर ने कहा कि इस मामले में अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। फिलहाल, बकरी को ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही उसका पता लगा लिया जाएगा।

आजम की भैंस से लेकर अभिनेत्री के पति का डॉग तक तलाश चुकी है पुलिस

यहां बतादें कि उत्‍तर प्रदेश पुलिस आम आदमी के घर में हुर्इ चोरी या लूट की वारदात पर भले सक्रिय न हो, लेकिन किसी भी नेता की भैंस या सेलिब्रेटी का कुत्‍ता चोरी होने की शिकायत मिलते ही कार्रवार्इ में जुट जाती है। दो साल पूर्व सपा सरकार में उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री आजम खान की भैंस चोरी की शिकायत मिलते ही पुलिस ने जगह-जगह की खाक छानी थी और 24 घंटे में भैंस को ढूंढ लिया गया था। अभी हाल ही में अभिनेत्री रिया सेन के पति का डॉग गायब होने के बाद भी पुलिस ने गुमशुदगी तक दर्ज की थी।

Published on: