नोएडा

बड़ी खबर : भाजपा के दलित विधायक ने खोली योगी सरकार में भ्रष्टाचार की पोल

भाजपा के दलित विधायक ने आरोप लगाया है अधिकारी कहते हैं कि घूस का हिस्सा ऊपर तक जाता है।
2 min read
• •
Updated: 28 Apr 2018, 1:27 PM IST
yogi nim

रामपुर। एक तरफ योगी सरकार उपचुनाव और अगामी लोकसभा चुनाव के लिए दलितों को लुभाने में जुटी हुई है। वहीं दूसरी तरफ बीजेपी के दलित विधायक ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाया है। विधायक का आरोप है कि उनके विकास कार्य कराने के लिए अधिकारियों ने घूस मांगी है और अधिकारी का कहना है कि यह घूस ऊपर तक जाती है।

क्या है पूरा मामला

रामपुर मणिहरण विधानसभा क्षेत्र के विधायक देवेंद्र कुमार नीम ने सहारनपुर जिला पंचायत में असिस्टेंट इंजीनियर के पद पर तैनात आलोक गौड़ पर आरोप लगाया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार विधायक का कहना है कि असिस्टेंट इंजीनियर ने विकास कार्य कराने के बादले उनसे 50 हजार रुपये की घूस मांगी और कहा, ‘यदि पैसे नहीं देने हैं तो जहां चाहे वहां शिकायत कर लो। यह मुझे ऊपर तक देने हैं तो मैं कहां से लाउंगा।’ देंवेंद्र कुमार का कहना है कि आलोक गौड़ ने पहले उनके सहयोगियों से घूस मांगी थी।

राज्‍य के पंचायती राज मंत्री से की शिकायत

बताया जा रहा है कि विधायक देवेंद्र कुमार ने इसकी शिकायत करने के लिए यूपी के पंचायती राज मंत्री को पत्र लिखा है। दावा किया जा रहा है कि 22 मार्च को लिखे गए इस पत्र में विधायक ने कहा, ‘जब अधिकारी ही ये कह रहे हैं कि घूस का हिस्‍सा ऊपर तक बांटा जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की होनी चाहिए, क्‍योंकि वह इस तरह की बात कहकर सरकार की छवि खराब कर रहा है।’

असिस्टेंट इंजीनियर ने आरोपों को किया खारिज

वहीं इन सभी आरोपों को असिस्‍टेंट इंजीनियर आलोक गौड़ ने खारिज किया है और कहा कि ‘मैं क्‍या कह सकता हूं? ऐसा भी हो सकता है कि कोई ठेकेदार विधायक बन गया और शिकायत कर दी हो। पहले भी मैं उनसे (देवेंद्र कुमार नीम) मिल चुका हूं।’ इस मामले में पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने जांच कराने की बात कही है। उन्‍होंने कहा है कि जरूरत पड़ने पर वह उचित कार्रवाई करने से भी नहीं हिचकिचाएंगे।

पहले भी अधिकारियों पर लगे आरोप

उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी कई बार भाजपा नेता अधिकारियों पर बात नहीं सुनने की बात कह चुके हैं। कुछ समय पहले ही कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर समेत भाजपा के कई नेता और भाजपा कार्यकर्ता अधिकारियों पर इस तरह के आरोप लगा चुके हैं।

Published on: