डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय के मोदी मंत्रिमंडल में जगह मिलने के बाद नए प्रदेश अध्‍यक्ष की तलाश शुरू पश्चिमी उत्‍तर प्रदेश के कद्दावर नेता का भी चल रहा है नाम 2019 के लोकसभा चुनाव में भारी मतों सें जीते हैं डॉ. महेश शर्मा
नोएडा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय के मोदी मंत्रिमंडल में जगह मिलने के बाद अब नए प्रदेश अध्यक्ष की तलाश शुरू हो गई है। इसको लेकर अटकलें लगनी भी शुरू हो गई हैं। इन्हीं में से एक नाम पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कद्दावर नेता का भी है। बताया यहां तक जा रहा है कि पार्टी हाईकमान ने उनके नाम पर मुहर तक लगा दी है। इसके पीछे उनकी आरएसएस से नजदीकी भी बताई जा रही है।
चंदौली से संसद पहुंचे हैं डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय
डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय ने 2019 के लोकसभा चुनाव में चंदौली से संसद पहुंचे हैं। उनको इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की टीम में भी जगह मिली है। उन्होंने 30 मई को मंत्रिमंडल के साथ ही शपथ भी ले ली है। उनको कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय का जिम्मा दिया गया है। उनके मंत्रिमंडल में जाने से प्रदेश अध्यक्ष की सीट के लिए योग्य उम्मीदवार की तलाश भी शुरू हो गई है।
आरएसएस में रह चुके हैं वह
इसके बाद अटकलें लगनी भी शुरू हो गई हैं। इनमें एक नाम पश्चिमी उत्तर प्रदेश के एक सांसद का भी सामने आ रहा है। वह आरएसएस में भी रह चुके हैं और पिछली सरकार में मंत्री भी थे। इस बार फिलहाल उन्हें मंत्रिपद से महरूम रखा गया है। हम बात कर रहे हैं डॉ. महेश शर्मा की।
गठबंधन के उम्मीदवार को दी है शिकस्त
डॉ. महेश शर्मा 2019 के लोकसभा चुनाव में भारी मतों सें जीते हैं। उन्होंने बसपा सुप्रीमो मायावती के गृह जनपद में गठबंधन के उम्मीदवार सतवीर नागर को करारी शिकस्त दी है। इसके बाद उम्मीद लगाई जा रही थी कि उन्हें मंत्रिमंडल में जगह मिलेगी, लेकिन ऐसा न हो सका। अब माना जा रहा है कि या तो उन्हें मंत्रिमंडल विस्तार में जगह मिलेगी या फिर प्रदेश अध्यक्ष का नया दायित्व मिलेगा। इसमें ज्यादा चांसेज प्रदेश अध्यक्ष की नई जिम्मेदारी के बताए जा रहे हैं। इसके पीछे उनके ब्राह्मण होने की वजह भी बताई जा रही है। बताया जा रहा है पार्टी किसी ब्राह्मण चेहरे को मौका देना चाहती है।