खबरों की खास बातें- राष्‍ट्रीय लोक दल भी अकेले लड़ सकती है विधानसभा उपचुनाव मुरादाबाद में ईद के दिन मिले थे गौवंशों के शव, चौकी इंचार्ज और दो सिपाही सस्‍पेंड गाजियाबाद में प्रॉपर्टी विवाद में भाजपा नेता ने की आत्‍महत्‍या
नोएडा। पत्रिका गुरुवार को एक बार फिर आपको सामने अब तक की 4 बड़ी खबरों के साथ हाजिर है। आपको बतातें हैं गुरुवार सुबह 10 बजे तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 4 बड़ी खबरें-
उपचुनाव में अकेले चुनाव लड़ सकती है रालाेद
लोकसभा चुनाव 2019 में करारा झटका लगने के बाद अब सपा, बसपा और रालोद का गठबंधन टूटने के कगार पर है। बसपा के बाद अब रालोद ने भी गठबंधन से अलग होने के संकेत दिए हैं। रालोद जल्द ही उपचुनाव में अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान कर सकती है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मसूद अहमद ने कहा कि राष्ट्रीय लोक दल एक राजनीतिक दल है। वे यूपी विधानसभा के उपचुनाव में उतरेंगे। इसमें पार्टी को अपनी उपस्थिति महसूस कराने का मौका मिलेगा। बसपा पहले ही उपचुनाव में अकेले उतरने की घोषणा कर चुकी है।
जांच के आदेश दिए गए
मुरादाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र में इ्रद के दिन बुधवार सुबह बड़ी संख्या में गौवंशों के शव मिले थे। इसको लेकर हिंदू संगठनों ने पुलिस कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए हाईवे पर जाम लगाकर हंगामा भी किया था। अधिकारियों ने किसी तरह उन्हें समझा-बुझाकर शांत किया था। अब इस मामले में लापरवाही बरतने पर चौकी इंचार्ज और दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है। उनके खिलाफ जांच के आदेश दिए गए हैं।
पूरी खबर पढ़ें: गौ तस्करी मामला, चौकी इंचार्ज समेत दो सिपाहियों पर गिरी गाज
भाजपा नेता ने मां के सामने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या
गाजियाबाद की थाना शहर कोतवाली इलाके की गुप्ता कॉलोनी में बुधवार को भाजपा नेता नवीन जैन ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने अपनी मां और भाई के सामने ही लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। भाजपा नेता के पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ। इसमें उन्होंने आत्महत्या करने की वजह अपने ही भाइयों को बताया है। नवीन जैन कुछ समय से बड़े और छाेटे भाई से प्रॉपर्टी विवाद के चलते अलग रह रहे थे।
...और ईद की नमाज में लहराने लगा भाजपा का झंडा
मुजफ्फरनगर में बुधवार को ईदगाह में ईद-उल-फितर पर हजारों लोगों ने नमाज अदा की। इस दौरान कुछ सियासी रंग भी देखने को मिला। दरअसल ईद की नमाज के दौरान कुछ नमाजी राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर आए। इतना ही नहीं कुछ बच्चों के हाथ में भाजपा का झंडा भी दिखा। इसे देखकर सभी आश्चर्यचकित रह गए। हालांकि झंडा एक बच्चे द्वारा लहराया जा रहा था इसलिए किसी भी तरह का राजनीतिकरण नहीं हुआ।