नोएडा

बसपा सुप्रीमो मायावती ने मिशन 2019 के लिए इन नेताओं को सौंपी अहम जिम्मेदारी

खास रणनीति के लिए 23 जून को इस शहर में होगी मीटिंग।
2 min read
• •
Updated: 20 Jun 2018, 3:51 PM IST
Feature image

नोएडा। बसपा सुप्रीमो मायावती मिशन 2019 की तैयारियों में जुट गई हैं। इसको लेकर उन्होंने पश्चिमी यूपी के चार मंडलों को दो जोन में बांटा है और चार प्रभारियों को इन चार जोन की जिम्मेदारी सौंपी है। ये चार मंडल हैं मेरठ, सहारनपुर,मुरादाबाद और बरेली। इससे माना जा रहा है कि मायावती का भरोसा वेस्ट यूपी से जुड़े नेताओं पर बढ़ रहा है। बसपा प्रमुख ने अतर सिंह राव को मध्य प्रदेश का प्रभारी बनाने के साथ ही यूपी में भी संगठन का दायित्व दिया है। इसके अलावा उन्हें विधान परिषद में पार्टी के सचेतक का जिम्मा भी सौंप रखा है। इसी तरह लोकसभा चुनाव के समय पश्चिमी यूपी के प्रभारी रहे मुनकाद अली को राष्ट्रीय महासचिव बनाकर यूपी के 6 मंडलों का प्रभारी बना रखा है।

कैराना लोकसभा उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद बसपा सुप्रीमो का पूरा फोकस एक बार फिर पश्चिमी यूपी पर है। इसको लेकर उन्होंने खास रणनीति तैयार की है। इसको लेकर 23 जून को कैराना लोकसभा क्षेत्र के शामली में एक खास मीटिंग बुलाई गई है। इस बैठक में मेरठ-सहारनपुर मंडल यानी एक जोन के सारे पदाधिकारी बुलाए गए हैं। बैठक में भी संगठन को लेकर निचले स्तर पर कुछ नए बदलाव होने की संभावना है।

पार्टी के आगामी कार्यक्रमों के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। आपको बता दें कि पश्चिमी यूपी बसपा का गढ़ रहा है, लेकिन 2014 के लोकसभा चुनाव और 2017 के विधानसभा चुनाव में पार्टी का यह किला ढह गया। फिलहाल पश्चिमी यूपी के प्रभारी की कमान अकेले शमसुद्दीन राइन संभाल रहे थे। अब उनके साथ बुलंदशहर के राजकुमार गौतम, अलीगढ़ के सूरत सिंह और चंदौसी के गिरीश चंद्र को भी पश्चिमी यूपी के प्रभारी के तौर पर जिम्मेदारी सौंपी है। अब पश्चिमी यूपी के चार मंडलों में दो-दो मंडलों की जिम्मेदारी दो-दो प्रभारी संभालेंगे।

Published on: