नोएडा

5 रु में खाना खिलाने वाले अनूप खन्ना बने KBC के ‘कर्मवीर’, अमिताभ बच्चन और रवीना टंडन के साथ आएंगे नजर

Highlights: -रोजाना 400 लोगों को 5 रुपये में भरपेट भोजन करा रहे हैं -अनूप खन्ना को राष्ट्रपति भी सम्मानित कर चुके हैं -एपिसोड का प्रसारण शुक्रवार 8 जनवरी को होगा

less than 1 minute read
Jan 07, 2021

पत्रिका न्यूज नेटवर्क

नोएडा। शहर में दादी की रसोई चलाकर सिर्फ 5 रुपये में हर रोज देसी घी से बना खाना खिलाने वाले समाजसेवी अनूप खन्ना 'कौन बनेगा करोड़पति' कार्यक्रम में अमिताभ बच्चन के साथ हॉट सीट पर नजर आएंगे। उन्हें केबीसी के खास कार्यक्रम 'कर्मवीर' के लिए आमंत्रित किया गया था। जिसकी शूटिंग पहले ही की जा चुकी है। वहीं इस एपिसोड का प्रसारण शुक्रवार 8 जनवरी को होगा। खन्ना के साथ फिल्म अभिनेत्री रवीना टंडन बतौर सहयोगी खेलती नजर आएंगी।

बता दें कि नोएडा के सेक्टर-29 स्थित गंगा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में करीब एक दशक से अनूप खन्ना 'दादी की रसोई’ का संचालन कर रोजाना 400 लोगों को 5 रुपये में भरपेट भोजन करा रहे हैं। इसके अलावा 10 रुपये में कपड़े और सस्ते दामों में वह लोगों को जेनरिक दवाईयां मुहैया करा रहे हैं। उनके इस कार्य के लिए उन्हें राष्ट्रपति भी सम्मानित कर चुके हैं। इसके अलावा भी उन्हें कई एनजीओ आदि से भी सम्मान मिल चुका है। लॉकडाउन के समय में भी उन्होंने सैकड़ों लोगों को राशन आदि मुहैया कराया। उनकी इसी ख्याति से प्रभावित होकर केबीसी ने उन्हें आमंत्रित किया।

अनूप खन्ना ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार को उनका एपिसोड प्रसारित किया जाएगा। जिसमें फिल्म अभिनेत्री रवीना टंडन ने उनकी सहयोगी के रूप में नजर आएंगी। उन्हें खुशी है कि उन्हें अभिताभ बच्चन के साथ केबीसी में हिस्सा लेने का मौका मिला। उन्होंने और रवीना ने मिलकर खेलते हुए 25 लाख रुपये जीते हैं। जीती गई रकम में से आधी धनराशि रवीना टंडन एक एनजीओ को देंगी। वहीं बाकि की आधी धनराशि 'दादी की रसोई’ को मिलेगी।

Published on:
07 Jan 2021 01:36 pm
Also Read
View All