
नोएडा. नोटबंदी और जीएसटी के बावजूद, नोएडा के बाजारों में धनतेरस की धमक दिखाई दी। नोएडा के सर्राफा के बाजारों, ऑटो शोरूम व बर्तन बाजार में रौनक दिखी। अट्टा, इंदिरा मार्केट, सेक्टर-18 में तो हाल यह था कि कई लोगों को पार्किंग के लिए जगह नहीं मिली। नोएडा सर्राफा बाजार पिछले कई महीनों से सूना था। ऐसे में धनतेरस पर उम्मीदों से अच्छा करोबार रहा है। पिछली बार से तुलना करें तो 15 प्रतिशत बिक्री अधिक हुई है। 1150 वाहनों के ऑनलाइन टैक्स जमा हुए हैं। बर्तन बाजार में काफी अधिक भीड़ देखी गई। लगभग 40 लाख तक के बर्तनों की बिक्री का अनुमान बर्तन व्यापारी लगा रहे हैं। देर रात तक सर्राफा व्यापारियों व कार के शोरूमों में खरीदारों की भीड़ रही। कारोबारियों के अनुसार नोएडा में ही 120 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार धनतेरस के दिन हुआ।
दुर्लभ संयोग में धनतेरस पर जिले में करोड़ों का व्यापार हुआ। धनतेरस पर जैसी उम्मीद थी, वैसा ही हुआ। बाजारों में खूब रौनक रही और लोगों ने जमकर खरीददारी की। सुबह से शुरू हुआ खरीददारी का सिलसिला देर शाम तक जारी रही। उपभोक्ताओं ने ज्वेलरी, बर्तन, वाहन व इलेक्ट्रॉनिक आइटम की सबसे अधिक खरीदारी की।
नोएडा सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार पिछले कई महीनों से सर्राफा मार्केट सूनी थी। ऐसे में धनतेरस पर उम्मीदों से अच्छा रहा है। पिछली बार से तुलना करें तो 15 प्रतिशत बिक्री अधिक हुई है।
सेक्टर-18 में मनोहरलाल जूलर्स के संचालक सुधीर सिंघल ने बताया कि जीएसटी के बावजूद अचछा कारोबार हुआ है। सुबह से ही कस्टमर शॉपिंग के लिए आ रहे थे। इस धनतेरस को अच्छा माना जा सकता है क्योंकि कई महीनों बाद बाजार में रौनक दिखी। देर रात तक कस्टमर बाजार में थे।
परिवहन विभाग के मुताबिक जिले में 32 कार और बाइक एजेंसियां हैं। इनमें मंगलवार को 1150 वाहनों के ऑनलाइन टैक्स जमा हुए हैं। इनमें 60 फीसदी दोपहिया वाहन हैं। अरुणेंद्र कुमार पांडे ने बताया कि मंगलवार को 45 लाख रुपये की कीमत की मर्सिडीज और दो लाख 67 हजार रुपये की कीमत की केटीएम 390 बाइक बिकी है।
बर्तन बाजार में काफी अधिक भीड़ देखी गई। लगभग 40 लाख तक के बर्तनों की बिक्री का अनुमान बर्तन व्यापारी लगा रहे हैं। हरौला के बर्तन व्यापारी विमलेश ने बताया कि बाजार में सुबह से ही रौनक रही। इस बार डिनर सेट और कुकर की डिमांड अधिक है। क्रॉकरी भी काफी अधिक बिकी है। बाजार पिछली बार से करीब 10 से 15 प्रतिशत अधिक रहा है। बर्तनों की खरीददारी के दौरान ग्राहकों में डिनर सेट, गिलास सेट, चम्मच सेट, फैंसी जग, डिजाइनदार थालियां, इंपोरटिड केतली, कप सेट, बाल्टी, लुटिया, इंपोरटिड डिनर सेट, पूजा की थाली, थॉर्मस आदि की ज्यादा डिमांड रही। इसके अलावा कई ग्राहकों ने अपनी बेटी की शादी में दिए जाने वाले बर्तनों की खरीददारी भी जमकर की।