नोएडा

बसपा सुप्रीमो मायावती के खास इस पूर्व सांसद का हुआ निधन, दिग्गज नेता को हराकर जीता था चुनाव

1999 के लोकसभा चुनाव में जीतकर पहुंचे थे लोकसभा।
2 min read
• •
Updated: 17 Aug 2018, 4:20 PM IST
Feature image

सहारनपुर। बसपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद मंसूर अली खान का दिल्ली के अस्पताल में निधन हो गया। 15 दिन पूर्व तबियत खराब होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सहारनपुर शहर की कैलाशपुर कालोनी निवासी पूर्व सांसद नवाब मंसूर अली खान पिछले 15 दिनों से बीमार चल रहे थे। बीमारी के चलते उन्हें दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां पूर्व सांसद ने बुधवार सुबह अंतिम सांस ली। मंसूर अली खान 1999 के लोकसभा चुनाव में दिग्गज मुस्लिम नेता व चार बार के सांसद रशीद मसूद को हराकर 13वीं लोकसभा के लिए बसपा से सांसद चुने गये थे। मंसूर अली खान वर्ष 1999 से 2004 तक सांसद रहे। मंसूर अली खान एमपी निधि खर्च करने में उत्तर प्रदेश में दूसरा स्थान पाने वाले सांसद रहे। खास बात यह है कि नवाब मंसूर अली खान का जन्म 14 अगस्त को हुआ था। 15 अगस्त की सुबह उन्होंने आखिरी सांस ली।

ये नेता हुए शामिल
पूर्व सांसद नवाब मंसूर अली खान के जनाजे में प्रदेश के आयुष मंत्री डा. धर्म सिंह सैनी, पूर्व विधायक जगपाल सिंह, पूर्व एमपी दाऊद अहमद, पूर्व एमपी सईदुजमा, पूर्व एमपी अमीर आलम, पूर्व विधायक नवाजिश आलम, पूर्व विधायक इमरान मसूद, विधायक नरेश सैनी सहित दर्जनों नेता शामिल हुए। इसके साथ ही कस्बे के कमलापुर रोड पर भी पूर्व सांसद के निधन पर एक शोकसभा का आयोजन किया गया। जिसमें उनके निधन पर अफसोस जाहिर करते हुए अल्लाह से उनकी आत्मा की शांति के लिए दुआ की गई। उत्तराखंड अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ विकास निगम के पूर्व निदेशक मो. मुजतबा मलिक ने पूर्व सांसद को नेक दिल व ईमानदार इंसान बताया। ऑल इंडिया जमीअतुल तेलयान के हकीम मो. अकबर ने कहा कि पूर्व सांसद के परिवार से उनका गहरा रिश्ता रहा है।

Updated on:
17 Aug 2018, 4:20 PM IST
Published on: