नोएडा के सेक्टर 4 स्थित बिजली मीटर बनाने वाली एक कंपनी में आग लग गई, जिसके बाद उसमें काम कर रहे 250 कर्मचारी फंस गए। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने सभी को बाहर निकाला, जबकि 30 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है...
नोएडा में बिजली मीटर बनाने वाली एक कंपनी में भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद फैक्ट्री में काम कर रहे हैं करीब 250 कर्मचारी फंस गए, जिन्हें फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि धुएं और आग में झुलसने से 30 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं, जिन्हें आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी होने के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राहत और बचाव कार्य में लग गए।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार की सुबह नोएडा के सेक्टर-4 स्थित एक बिजली मीटर बनाने वाली कंपनी में आग लग गई। आग लगने की इस घटना में फैक्ट्री में काम कर रहे हैं करीब 250 कर्मचारी अंदर ही फंस गए। बताया जा रहा है कि कर्मचारी नाइट शिफ्ट कर रहे थे और थोड़ी देर में उनकी शिफ्ट खत्म होने वाली थी। घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई और मौके पर फायर ब्रिगेड की 30 से अधिक गाड़ियां पहुंची और राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया।
वहीं, आग लगने की इस घटना के बाद अफरातफरी का माहौल बन गया। मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने फैक्ट्री में फंसे मजदूरों को बाहर निकाला। इस दौरान 30 से ज्यादा कर्मचारी धुएं और आज में झुलसकर घायल हो गए, जिन्हें एंबुलेंस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि कुछ कर्मचारियों की हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल, फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया है। हालांकि, आग किस वजह से लगी इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पुलिस के मुताबिक, फैक्ट्री में 24 घंटे काम होता है और सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड के साथ ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। इस दौरान सीढ़ी और हाइड्रॉलिक लिफ्ट की मदद से सभी को फैक्ट्री से बाहर निकाला गया। घटना होने के बाद फैक्ट्री के आसपास अफरातफरी का माहौल बन गया था और भीड़ इकट्ठी हो गई थी। सभी को पुलिस ने वहां से हटाया और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस ने बताया है कि सभी कर्मचारियों को बाहर निकाल लिया गया है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।