नोएडा

UP Weather Update : Monsoon की देरी ने तोड़ा 18 साल का रिकॉर्ड, अगले 24 घंटे में देगा दस्तक, लगातार 6 दिन होगी झमाझम बारिश

Monsoon 2021 : पश्चिमी उत्तर प्रदेश को भीषण गर्मी से मिलेगी राहत, आज दस्तक देगा मानसून

2 min read
Jul 10, 2021
Feature image

नोएडा. Monsoon 2021 : नोएडा समेत एनसीआर के सभी जिलों में पड़ रही भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं। मौसम विभाग (UP Weather Update) की मानें तो आज यानी शनिवार को मानसून (Monsoon) एनसीआर में दस्तक दे सकता है। अगर शनिवार को मानसून की बारिश हुई तो यह 18 साल बाद होगा, जब मानसून इतनी देरी से पहुंचेगा। बता दे कि इससे पहले 2002 में मानसून 19 जुलाई को आया था। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण पश्चिम मानसून धीमी गति से बढ़ रहा है। आज इसके वेस्ट यूपी समेत दिल्ली एनसीआर में पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले 6 दिन तक हल्की से मध्यम बारिश (Rain) की संभावना जताई है।

उल्लेखनीय है कि मानसून केरल में दो दिन की देरी से पहुंचा था। इसके बाद मानसून ने रफ्तार पकड़ी और दस दिन पहले ही पूर्वी, मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत तक पहुंच गया, लेकिन इसके बाद मौसम की परिस्थितियों के चलते देश के बाकी हिस्से में रफ्तार धीमी हो गई। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, दिल्ली एनसीआर में मानसून के निर्धारित समय से 13 दिन की देरी से पहुंचने के आसार हैं। वैसे तो मानसून एनसीआर में 27 जून तक दस्तक दे देता है। जबकि पहले तेज रफ्तार को देखते हुए मौसम विभाग ने 15 जून तक एनसीआर में पहुंचने की संभावना व्यक्त की थी। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आज मानसून दस्तक देगा और सप्ताह भर तक बारिश जारी रहेगी। इससे अधिकतम तापमान 34 डिग्री तक पहुंच जाएगा।

कब-कब देरी से पहुंचा मानसून

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली एनसीआर में सात जुलाई 2012 को मानसून पहुंचा था। जबकि इससे पहले 2006 में मानसून ने 9 जुलाई को दस्तक दी थी। वहीं 2002 में 19 तो 1987 में 26 जुलाई को मानसून पहुंचा था।

Published on:
10 Jul 2021 10:58 am