
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
मेरठ. Monsoon 2021 : पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम का रुख अब फिर से बदल गया है। आसमान में काले बादलों की आवाजाही से मौसम कुछ सुहाना हो गया है। गुरुवार रात में हुई बारिश के साथ मानसून ने वेस्ट यूपी में दस्तक दे दी है। इससे जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है। वहीं उमस में कमी आई है तो सुबह से ही ठंडी हवाएं चल रही हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में मौसम का रुख दोबारा बदलेगा और उमस से राहत मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले तीन दिनों तक झमाझम बारिश के आसार हैं। मौसम विज्ञानी मान रहे हैं कि इस सप्ताह वातावरण में नमी का स्तर बढ़ा या लोकल हीटिंग का असर हुआ तो चक्रवाती बारिश भी हो सकती है।
पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी का सामना कर रहे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को गुरुवार रात हुई बारिश के चलते शुक्रवार को कुछ राहत मिली। शुक्रवार की सुबह वातावरण में गर्मी का असर बेअसर साबित हुआ। मौसम का रुख बेहतर होने से ठंडी हवाएं भी चलीं। माना जा रहा है कि इसका असर दो तीन दिनों तक और बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, मौसम का रुख अब धीरे-धीरे बदलाव की ओर है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में बारिश होने के बाद मौसम का रुख भी बदलेगा और उमस से राहत के साथ ही तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी। इसके बाद अगस्त से वातावरण में दिन प्रतिदिन ठंडक घुलती जाएगी और अगस्त के अंत तक तापमान में और कमी आती जाएगी।
बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य रहा। आर्द्रता इस दौरान अधिकतम 71 और न्यूनतम 68 फीसद दर्ज की गई। मौसम विभाग की ओर से जारी सैटेलाइट तस्वीरों में पूर्वांचल में बादलों की मामूली सक्रियता बनी हुई है। जबकि दक्षिण में बादलों की अधिकता है। मौसम विज्ञानी इस पूरे सप्ताह बादलों की सक्रियता का अंदेशा जता रहे हैं। मानसून की दस्तक से जहां अब लोगों ने गर्मी से निजात मिलने की उम्मीद जताई है, वहीं तापमान में अब भारी कमी आने की संभावना है।
Published on:
09 Jul 2021 11:19 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
