नोएडा

विदेश में व्यापार करने का झांसा देकर ठगने वाला नाइजीरियन गिरफ्तार

विदेश में व्यापार करने का झांसा देकर ठगने वाले नाइजीरियन गिरोह के एक ठग को साइबर थाना पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने जून 2021 मे नोएडा के रहने वाले एक व्यापारी से हर्बल सीड के व्यवसाय में साझीदार बनाने के लिए उन्हें अपने जाल में फंसाया था और 87 लाख रुपये ठगे थे।

2 min read
Mar 31, 2022

नोएडा सेक्टर-36 स्थित साइबर थाना पुलिस ने उपहार और आभूषण भेजने का झांसा देकर ठगी करने वाले नाइजीरियन गिरोह के एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने जून 2021 मे नोएडा के रहने वाले एक व्यापारी से हर्बल सीड के व्यवसाय में साझीदार बनाने के लिए उन्हें अपने जाल में फंसाया था और 87 लाख रुपये ठगे थे। पुलिस ने आरोपी से वारदात में इस्तेमाल 7 मोबाइल समेत 8 फर्जी सिम कार्ड और 4 पासपोर्ट बरामद किए हैं, जो देश के अलग-अलग हिस्से से जारी किए गए हैं।

साइबर थाना पुलिस की गिरफ्त में आया नाइजीरियन मौरेस स्लीवर शातिर किस्म का ठग है। साइबर क्राइम एसपी त्रिवेणी सिंह ने बताया कि 24 जून 2021 को गाजियाबाद के वैशाली सेक्टर 9 निवासी सौमित्र चक्रवर्ती ने शिकायत दी थी। आईटी कंपनी संचालक सौमित्र ने बताया था कि सोशल मीडिया के माध्यम से उनसे जोना नाम की विदेशी महिला ने संपर्क किया था। आरोप था कि महिला ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर विदेश में व्यापार का लालच देकर पीड़ित से करीब 88 लाख रुपए ठग लिए थे।

2015 में मेडिकल वीजा पर भारत आया था

एसपी त्रिवेणी सिंह ने बताया गया कि इसको लेकर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी थी। पुलिस ने मामले में बुधवार को दिल्ली के द्वारका सेक्टर 23 स्थित गांव पौचनपुर से मौरिस स्लीवर नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी मौरिस मूलरूप से नाइजीरिया के असाबा डेल्टा स्टेट का रहने वाला है। उन्होने बताया कि आरोपी अपने जाल में फंसाने के लिए पहले ईमेल आईडी बनाता था। वह इसके जरिए ठगी करता था। इसके कुछ ही देर बाद ईमेल आईडी को डिलीट कर देता था। वह साल 2015 में मेडिकल वीजा पर भारत आया था। इसके बाद से वह अपने साथियों के साथ मिलकर ठगी का काम करने लगा था। 50 से ज्यादा लोगों को अपने जाल मे फंसाकर उसके करोड़ों रुपये की ठगी की है।

पुलिस ने आरोपी से 7 मोबाइल, 8 सिम कार्ड और 4 पासपोर्ट बरामद किए हैं। आरोपी ने बताया कि उसने व उसके साथियों ने सौमित्र के साथ ठगी की थी। पुलिस को उसने कई साथियों के नाम व पते की जानकारी भी दी है। पुलिस की टीम उनकी तलाश में दबिश दे रही है।

Published on:
31 Mar 2022 04:35 pm
Also Read
View All