शहर में अभी दुकानदारों पर अभियान चलाकर लगाया जा रहा जुर्माना
राहुल चौहान
नोएडा. शहर में पॉलिथीन को पूरी तरह बैन करने के लिए प्राधिकरण ने अभियान चला रखा है। इसके तहत शहरभर में पॉलिथीन का इस्तेमाल करने वाले दुकानदार और सब्जी विक्रेताओं पर जुर्माना लगाया जा रहा है। वहीं, इससे बेबस दुकानदारों ने पत्रिका से बातचीत कर बताया कि वह मजबूरी में पॉलिथीन रखते हैं, क्योंकि अधिकांश खरीददार अपने साथ कोई बैग नहीं लेकर आते। इस मुद्दे को पत्रिका ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था, जिसपर संज्ञान लेकर प्राधिकरण के अधिकारियों ने जगह-जगह नुक्कड़ नाटक आयोजित कराकर लोगों को पॉलिथीन का इस्तेमाल नहीं करने के लिए जागरुक करना शुरू कर दिया है। इसके बाद भी लोग अगर अपनी आदत नहीं बदलते हैं तो अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पॉलिथीन में सामान लेकर जाने वाले खरीदारों पर भी जुर्माना लगाया जाएगा।
गौरतलब है कि फिलहाल, प्राधिकरण की ओर से शहर में लगने वाले साप्ताहिक बाजार, दुकान और रेहड़ी-पटरी पर पॉलिथीन पाए जाने पर अधिक्तम पांच हजार रुपए का जुर्माना लगाया जा रहा है। इसके लिए लगातार अभियान चलाकर अलग-अलग गांव और सेक्टर में कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में हाल ही में हरोला मार्केट से बड़े पैमाने पर पॉलिथीन जब्त कर चार दुकानों को सील किया गया था।
प्राधिकरण के एसीईओ आरके मिश्रा ने बताया कि शहर पॉलिथीन को पूरी तरह बैन करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। दुकानदारों पर जुर्माना लगाकर हिदायत दी जा रही है। इसके साथ ही शहर में जगह-जगह नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को पॉलिथीन से होने वाली बीमारियों के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब प्राधिकरण जल्द ही खरीदारों पर भी कार्रवाई की योजना बना रहा है। इसके तहत जो भी व्यक्ति पॉलिथीन में सामान ले जाता पाया जाएगा, उसपर जुर्माना लगाया जाएगा। इसके लिए प्लान तैयार किया जा रहा है और जब तक शहर पॉलिथीन मुक्त नहीं कर बन जाएगा, तब तक यह अभियान जारी रहेगा।