बुआ के लड़के रवि के साथ अवैध संबंध में दोनों बहनों की जान गई। घटना के बाद से रवि फरार है। पुलिस उसे भी तलाश रही है।
नोएडा। सेक्टर-49 के बरौला गांव में दो सगी बहनों के शव मंगलवार सुबह पेड़ से लटके मिले। शाम होते-होते इस केस में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। बताया जा रहा है कि बुआ के लड़के (फुफेरे भाई) के साथ अवैध संबंध में दोनों बहनों की हत्या की गई है। वहीं, सूत्रों की माने तो यह ऑनर किलिंग का मामला है और परिवार के लोगों ने ही दोनों लड़कियों की हत्या कर, उसे सुसाइड का रूप देने की कोशिश की है।
बुआ का लड़के के साथ संबंध
जानकारी के मुताबिक बुलंदशहर के कल्याणपुर मोहल्ला निवासी भूषण अपने परिवार के साथ यहां बरौला गांव में रहते हैं। वह सेक्टर-50 स्थित नियो अस्पताल में सफाई का काम करते हैं। उनके परिवार में पत्नी राजेन्द्री देवी और पांच बेटियां नीलम, ममता, क्षमा, लक्ष्मी और निशा हैं। मंगलवार की सुबह 18 साल की लक्ष्मी और 13 साल की निशा का शव घर के पास ही एक पेड़ से लटका मिला। इस बात की सूचना परिजनों को पुलिस ने सुबह करीब चार बजे दी। लक्ष्मी एल्डिको अपार्टमेंट में घर के काम करती थी। जबकि, निशा पढ़ाई के साथ काम भी करती थी। भूषण ने बताया कि करीब दस दिन पहले लक्ष्मी ड्यूटी से घर आई, उसके बाद वह कई दिनों तक काम पर नहीं गई। इसके बाद जब वह ड्यूटी पर गई तो दो-तीन दिन तक उसका कोई पता नहीं चला। बाद में उसने फोन कर बताया कि वह मुंबई में रवि नाम के लड़के के साथ है। दो दिन बाद वह रवि के साथ लौट आई और फिर घर पर ही रह रही थी। भूषण का आरोप है कि लड़के के घर वालों ने उसे धमकी दी थी कि वह अपनी लड़की को रोके या अंजाम भुगतने को तैयार रहे। वहीं, मृतक बहनों की मां का आरोप है कि उनके नंदोई ऋषि के लड़कों ने ही उनकी बेटियों की हत्या कर दी। उनका आरोप है कि उनके लड़के मनोज, बंटी, रवि, रोहित और बबलू उनके घर पर आकर उनकी बेटियों को परेशान करता रहता था। इतना ही नहीं बीते दिनों उनलोगों ने जान से मारने की धमकी भी दी थी।
मां ने दिया यह बयान
मां का कहना है कि वह रात 12 बजे तक जगी रही और सुबह चार बजे पुलिस ने दरवाजा खटखटाकर घटना की जानकारी दी। मां का यह भी कहना है कि घर के दरवाजे की कुंडी बाहर से ही बंद थी।
इधर, सूत्रों का कहना कि भूषण के बहनाई ऋषि के लड़के रवि के साथ लक्ष्मी के संबंध थे। इस बात की जानकारी दोनों के परिवारों को थी, लेकिन भाई-बहन होने के कारण उनके बीच शादी नहीं हो सकती थी। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद होता रहता था। लक्ष्मी के पिता भूषण भी इस बात की पुष्टि कर चुके हैं कि उनकी बेटी ने फोन पर रवि नाम के लड़के के साथ मुंबई में रहने की जानकारी दी थी। इस मामले में रात दोनों बहनें कैसे घर के बाहर गर्इं, यह अभी रहस्य बना हुआ है। अगर लक्ष्मी के संबंध रवि से थे और उसके बुलावे पर घर के बाहर गई तो फिर उसकी छोटी बहन निशा घर के बाहर कैसे और क्यों गई। अगर यह मान लिया जाए कि लक्ष्मी ने प्रेम प्रसंग में आत्महत्या की है तो फिर निशा को किसने और क्यों मारा। पुलिस को अभी इस सवाल के भी जवाब ढूंढने हैं?
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
वहीं पुलिस अधिकारी अभी पूरे मामले में कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। थाना 49 प्रभारी पंकज पंत ने बताया कि पीड़ित परिजनों की तहरीर लेकर एफआईआर दर्ज कर ली है। अभी हत्या की वजह भी साफ नहीं है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है। उनका कहना था कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने और छानबीन के बाद ही मामले का खुलासा होगा।