
Raman Raj murder accused surrender Bihar: नोएडा में असम की रहने वाली युवती महक अहमद की बेरहमी से हत्या करने के मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी इंजीनियर रमन राज ने उत्तर प्रदेश पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए एक शातिराना चाल चली। आरोपी बनारस और झारखंड होते हुए अपने गृह जिले बिहार के कटिहार पहुंचा और वहां करीब 4 लीटर अवैध शराब के साथ जानबूझकर स्थानीय पुलिस के सामने सरेंडर (गिरफ्तारी) कर दिया। फिलहाल, नोएडा पुलिस आरोपी रमन को बी वारंट (B-Warrant) पर वापस लाने की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है।
पुलिस जांच के मुताबिक, रमन ने रविवार तड़के पीजी (PG) के कमरे में महक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद वह कमरे का दरवाजा बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया। लोगों को शक न हो और शव की बदबू या कोई आवाज बाहर न आए, इसके लिए उसने कमरे के बाहर कूलर चालू छोड़ दिया था। रविवार शाम रमन सबसे पहले बनारस में अपने रिश्तेदार के घर पहुंचा। सोमवार सुबह वह झारखंड में अपनी बहन के पास गया और वहां से रात में कटिहार (बिहार) पहुंच गया।
कटिहार पहुंचकर आरोपी ने शराबबंदी वाले राज्य बिहार में खुद को 4 लीटर शराब के साथ पुलिस के हवाले कर दिया, ताकि वह बिहार जेल चला जाए और यूपी पुलिस की तत्काल कार्रवाई से बच सके। लेकिन बिहार में रमन के पकड़े जाने की खबर मिलते ही एडा पुलिस हरकत में आई और सूरजपुर कोर्ट से बी वारंट (B-Warrant) ले ली। वारंट की प्रति कटिहार के जिला जज और जेल प्रशासन को भेज दी गई है। वहीं, कोर्ट से आरोपी को नोएडा लाने की मंजूरी मिल चुकी है और पुलिस टीम जल्द ही उसे ट्रांजिट रिमांड पर नोएडा लेकर आएगी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शुरुआती जांच के मुताबिक, रमन ने महक पर ताबड़तोड़ 10 बार चाकू से वार किए थे। हालांकि, हत्या के मुख्य कारणों का अभी तक पूरी तरह से खुलासा नहीं हो पाया है। शुरुआती कड़ियों को जोड़ने पर सामने आया है कि दोनों के बीच किसी डेटिंग ऐप को लेकर कहासुनी हुई थी। यह भी आशंका जताई जा रही है कि नशे की हालत में महक ने रमन की पहली प्रेमिका को लेकर कोई आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी थी, जिससे नाराज होकर उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। नोएडा पुलिस का कहना है कि आरोपी को कस्टडी में लेकर गहन पूछताछ के बाद ही हत्या की असली वजह का पता चल सकेगा।