
नोएडा. दिनदहाड़े मोबाइल लूटने की वारदात के बाद थाने पहुंची एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने लूट की जगह मोबाइल खोने की शिकायत लिखकर देने के लिए कहा। यह बात महिला के जब अपने सीए पति को बतार्इ तो उन्होंने सीएम योगी को ट्वीट करते हुए तंज कसते हुए लिखा की पुलिस एेसे ही क्राइम कंट्रोल कर रही है। इसके बाद जब यूपी पुलिस के अकाउंट पर ट्वीट हुआ तो वरिष्ठ अधिकारियों ने नोएडा सेक्टर-39 काेतवाली पुलिस को कार्रवाई करने के निर्देश दिए तब जाकर महिला से तहरीर बदलवार्इ गई।
चार्टेड अकाउंटेंट की पत्नी से आॅटो सवार बदमाशों ने छीना था मोबाइल
बताया जा रहा है कि गौड़ सिटी निवासी चार्टेड अकाउंटेंट शशांक सौरभ यहां अपनी पत्नी प्रीति के साथ रहते हैं। उनकी पत्नी सोमवार सुबह ऑफिस जाने के लिए ऑटो से सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के पास उतरी थी। इसी दौरान ऑटो सवार बदमाशों ने प्रीति से मोबाइल लूट लिया। प्रीति ने तुरंत इसकी जानकारी अपने पति को दी। पति शशांक सौरभ ने वारदात का पता लगते ही इसकी जानकारी यूपी पुलिस को ट्वीट कर दी। इस पर यूपी पुलिस ने नोएडा पुलिस को ट्वीट कर कार्रवाई के आदेश दिए। इसके बाद जब प्रीति कोतवाली सेक्टर-39 पहुंची तो वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने कहा कि लूट की जगह मोबाइल खो जाने की तहरीर लिखो। प्रीति ने मोबाइल खो जाने की तहरीर लिखी, तब पुलिस ने उस पर मुहर लगाकर जीडी नंबर चढ़ा कर दे दिया।
लूट की जगह गुमशुदगी की लिखवाने का पता लगते ही सीएम को किया ट्वीट
शशांक सौरभ ने पत्नी के घर पहुंचते ही शिकायत की कॉपी देखी तो उस पर लूट की जगह गुमशुदगी दर्ज थी। पत्नी से इसकी वजह पूछने पर उन्होंने बताया कि थाने में उनसे पुलिसकर्मियों ने गुमशुदगी की शिकायत लिखकर देने के लिए कहा था। इस पर महिला के पति शशांक सौरभ ने दोबारा पुलिस की जगह सीएम योगी आदित्यनाथ को ट्वीट किया। इसमें उन्होंने तंज कसते हुए लिखा कि एेसे यूपी पुलिस क्राइम कंट्रोल कर रही है। हालांकि इस पर यूपी पुलिस व अन्य किसी का कोर्इ जवाब नहीं आया।