नोएडा

योगी सरकार में चली अखिलेश की योजना, लोगों को मिले सपनों के घर

समाजवादी आवास योजना के तहत अपने आवासों का इंतजार कर रहे लोगों को आखिरकार घर की चाबी मिल गई।
2 min read
• •
Updated: 17 Mar 2018, 4:54 PM IST
flat

नोएडा। शहर में लंबे समय से समाजवादी आवास योजना के तहत अपने आवासों का इंतजार कर रहे लोगों को आखिरकार घर की चाबी मिल गई। नोएडा प्राधिकरण ने शुक्रवार को ड्रॉ कर सभी आवंटियों को फ्लैट नंबर दे दिए। दरअसल, सेक्टर-117 और 112 में समाजवादी आवास योजना के तहत फ्लैटों का निर्माण किया गया है। जिनमें आवेदन करने वालों का चयन पहले ही ड्रा के माध्यम से कर दिया था। हालांकि अब एक बार फिर से ड्रॉ कर लोगों को फ्लैट नंबर सौंपे गए हैं। सेक्टर-6 स्थित इंदिरा गांधी कला केंद्र में ड्रा आयोजन किया गया। इस दौरान ड्रॉ के माध्यम से आवंटियों को फ्लैट नंबर, ब्लॉक व सेक्टर का पता चला।

प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी आलोक टंडन की मौजूदगी में आवंटियों को उनके फ्लैट नंबर आवंटित किए गए। इसके साथ ही प्राधिकरण की ओर से इस दौरान आवंटियों को यह राहत दी गई कि जब तक प्राधिकरण फ्लैट पर कब्जा नहीं देगा, तब तक आवंटियों को कोई पैसा नहीं देना होगा।

बता दें कि समाजवादी आवास योजना के फ्लैटों के निर्माण की रफ्तार धीमी होने की कारण आवंटियों को देरी से फ्लैट का आवंटन हो रहा है। पूर्व में इसमें विवादों का साया भी रहा। दरअसल, प्राधिकरण द्वारा लोगों से पहले ही पैसे ले लिए गए थे और मकान नहीं दिए थे। जो अब लंबे समय बाद दिए गए हैं। वहीं कुछ लोगों ने योजना से अपना हाथ भी खींच लिया।

जानकारी के मुताबिक टाइप-1 के आरक्षित 1010 फ्लैटों में से 13 आवंटियों ने अपनी धनराशि वापस ले ली। जिसके चलते ड्रॉ के माध्यम से 997 फ्लैटों के आवंटन के लिए फ्लैट नंबर, ब्लॉक व सेक्टर सुनिश्चित किए गए। इसी तरह से टाइप-टू के 240 फ्लैटों के आवंटियों में से 15 ने भी अपनी धनराशि वापस ले ली।

Published on: