
Noida Jewar Airport: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज उत्तर प्रदेश के जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NIA) का भव्य उद्घाटन कर देश के नागरिक उड्डयन इतिहास में एक नया अध्याय लिख दिया है। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) के बाद, जेवर एयरपोर्ट दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र का दूसरा सबसे बड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट बन गया है। इस हवाई अड्डे के शुरू होने से न केवल दिल्ली एयरपोर्ट पर हवाई यातायात का दबाव कम होगा, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित पूरे एनसीआर के आर्थिक और औद्योगिक विकास को एक नई उड़ान मिलेगी। आधुनिक सुविधाओं से लैस यह एयरपोर्ट कनेक्टिविटी के मामले में मील का पत्थर साबित होने जा रहा है।
करीब 24 साल के लंबे इंतजार के बाद जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन के साथ क्षेत्र में परिवहन व्यवस्था के नए दौर की शुरुआत हो रही है। इस परियोजना की नींव साल 2001 में तब रखी गई थी, जब उत्तर प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री राजनाथ सिंह ने यहां ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल एयरपोर्ट और एविएशन हब का प्रस्ताव दिया था। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक विशाल जनसभा को भी संबोधित किए, जिसमें करीब दो लाख लोग शामिल हुए थे। कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और एसपीजी ने सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल ली है।
जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन करने के बाद देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विशाल जनता को संबोधित किया और कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश के उन राज्यों में शामिल हो गया है, जहां सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे हैं। उन्होंने इसे अपने लिए गर्व और खुशी का क्षण बताते हुए कहा कि उन्हें इस एयरपोर्ट का शिलान्यास करने का अवसर भी मिला था और अब उद्घाटन करने का सौभाग्य भी प्राप्त हुआ है। साथ ही उन्होंने कहा कि जिस उत्तर प्रदेश ने उन्हें प्रतिनिधित्व का मौका दिया और सांसद बनाया, उसी प्रदेश की पहचान अब इस भव्य एयरपोर्ट के साथ और मजबूत हो रही है।
संबोधन के दौरान नरेंद्र मोदी समाजवादी पार्टी पर हमला करते दिखें। दरअसल, उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने नोएडा को अपने फायदे के लिए इस्तेमाल किया, जबकि कांग्रेस के शासनकाल में 2004 से 2014 के बीच एयरपोर्ट परियोजना आगे नहीं बढ़ पाई। पीएम ने कहा कि जैसे ही भाजपा-एनडीए की सरकार बनी, इस परियोजना को गति मिली और अब यह साकार हो चुकी है।