नोएडा

Rain Alert: मौसम ने ली करवट, इन 15 जिलों में बारिश ओलावृष्टि का अलर्ट, 27, 28 इन दोनों संभागों में भारी बारिश

Rain Alert: प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर दिखने लगा है। शुक्रवार को गाजियाबाद, नोएडा सहित कुछ जिलों में बारिश हुई है। आईएमडी ने आज 15 जिलों में बारिश ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। जबकि 27 और 28 जनवरी को प्रदेश के इन दोनों संभाग में भारी बारिश होने की संभावना है।

2 min read
Jan 24, 2026
सांकेतिक फोटो सोर्स पत्रिका

UP Rain Alert: उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम ने अचानक करवट ली है। तेज हवाओं, बूंदाबांदी और तापमान में गिरावट से ठंड बढ़ गई है। कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। जिससे लोगों की चिंता बढ़ी है। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 15 जिलों में बारिश और ओलावृष्ट के लिए अलर्ट जारी किया है। 27 और 28 जनवरी को पूरब से पश्चिम तक भारी बारिश होने की संभावना है।

UP Rain Alert: प्रदेश में एक बार फिर मौसम बदल गया है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से शुक्रवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के तराई क्षेत्र, एनसीआर और उत्तराखंड और से सटे जिलों में तेज हवाएं चलीं। कई इलाकों में हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रही। जबकि कुछ स्थानों पर यह 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई। शामली, गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर और आसपास के जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी भी हुई। जबकि शनिवार की सुबह तड़के पूर्वी यूपी के गोंडा, बलरामपुर, बहराइच, श्रावस्ती सहित आसपास के जिलों में कुछ स्थानों पर बहुत हल्की बूंदाबांदी हुई है।

तापमान में 5 से 6 डिग्री तक गिरावट दर्ज

राजधानी लखनऊ में भी दिनभर मौसम बदला रहा। यहां 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं और शाम के समय कुछ इलाकों में हल्की छींटे पड़ीं। मौसम में इस बदलाव का असर तापमान पर साफ दिखा। कई जिलों में दिन के अधिकतम तापमान में पांच से छह डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। मुजफ्फरनगर में दिन का तापमान 14.8 डिग्री और मेरठ में करीब 10 डिग्री की गिरावट के साथ 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

27 और 28 जनवरी को पूरब से पश्चिम तक मध्यम से भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में हल्की बारिश के आसार बने हुए हैं। अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। इसका असर लखनऊ सहित आसपास के क्षेत्रों में भी देखने को मिलेगा। मौसम वैज्ञानिको के मुताबिक 27 जनवरी से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके चलते प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होगी और दिन-रात के तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। पश्चिमी तराई और उत्तराखंड से सटे लगभग 15 जिलों में शनिवार और रविवार को ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। लोगों को मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने 27 और 28 जनवरी को पूर्वी यूपी के लिए येलो अलर्ट और पश्चिमी यूपी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

Also Read
View All

अगली खबर