नोएडा

सरकारी हो या प्राइवेट, नोएडा में सोमवार से बदल गया स्कूलों का टाइम; BSA ने जारी किया नया फरमान

Noida School Timing: नोएडा और ग्रेटर नोएडा में कक्षा 1 से 8 तक के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, CBSE, ICSE और अन्य बोर्ड के स्कूल 6 जुलाई से पुराने समयानुसार संचालित होंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी स्कूलों को आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
2 min read
Jul 04, 2026
Noida School Timing
कक्षा 1 से लेकर 8वीं तक के सभी स्कूलों का समय एक बार फिर बदल गया है।

Noida School Timing: अगर आप भी नोएडा या ग्रेटर नोएडा में रहते हैं और आपके घर में स्कूल जाने वाले बच्चे हैं, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। संडे के मूड में आने से पहले जरा अपनी घड़ी की सुइयां और बच्चों का अलार्म सेट कर लीजिए, क्योंकि सोमवार (6 जुलाई) से स्कूलों की टाइमिंग बदलने जा रही है।

जी हां, गौतमबुद्धनगर में कक्षा 1 से लेकर 8वीं तक के सभी स्कूलों का समय एक बार फिर बदल गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) राहुल पंवार ने शनिवार को इसके लिए बकायदा ऑफिशियल लेटर जारी कर दिया है।

राहत खत्म, अब पुराने टाइम पर खुलेंगे स्कूल

आपको याद ही होगा कि पिछले दिनों जब सूरज अपनी तपिश पर था और उमस ने सबका जीना मुहाल कर रखा था, तब प्रशासन ने बच्चों को राहत दी थी। 29 जून को एक आदेश जारी करके स्कूलों का टाइम सुबह 7:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक (यानी सिर्फ 5 घंटे) कर दिया गया था।

लेकिन अब मौसम के मिजाज और बदली परिस्थितियों को देखते हुए जिला प्रशासन ने इस राहत को वापस ले लिया है। सोमवार से सभी स्कूल अपने पुराने और पहले से तय टाइमिंग पर ही चलेंगे। यानी अब बच्चों को पूरी शिफ्ट स्कूल में बितानी होगी।

प्राइवेट हो या सरकारी, सब पर चलेगा हंटर!

अक्सर पेरेंट्स के मन में यह उलझन रहती है कि क्या यह नियम सिर्फ सरकारी स्कूलों पर लागू है? तो आपको बता दें कि BSA का यह नया फरमान किसी एक के लिए नहीं बल्कि सबके लिए है।

इन सभी स्कूलों पर लागू होगा नया नियम:

यूपी बोर्ड के सभी परिषदीय और मान्यता प्राप्त स्कूल।
राज्य सरकार से सहायता प्राप्त (Aided) विद्यालय।
सभी CBSE और ICSE बोर्ड के प्राइवेट स्कूल।
जिले के सभी मदरसे और अन्य शिक्षा बोर्ड।

साफ शब्दों में कहें तो कक्षा 1 से 8वीं तक का कोई भी स्कूल इस नियम से बाहर नहीं है। सोमवार से सबको अपने पुराने समयानुसार पूरी अवधि के लिए क्लास लगानी होगी।

BSA की दो टूक-लापरवाही की तो खैर नहीं!

अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि इस मामले में किसी भी तरह का 'इफ एंड बट' नहीं चलेगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने अपने आदेश में सख्त हिदायत दी है कि सभी स्कूल इस नए टाइम टेबल का कड़ाई से पालन करें। अगर किसी भी स्कूल ने इसमें लापरवाही बरती या मनमानी करने की कोशिश की, तो उनके खिलाफ कड़ा एक्शन लिया जाएगा। इस आदेश की कॉपी शिक्षा विभाग के बड़े अफसरों से लेकर जिलाधिकारी (DM) तक सबको भेज दी गई है।

Updated on:
04 Jul 2026 05:42 pm
Published on:
04 Jul 2026 05:42 pm