नोएडा

ओमेक्स सोसायटी में श्रीकांत त्यागी के समर्थन में हंगामा करने वालों को बेल, पीड़ित महिला के साथ की थी बदसलूकी

नोएडा की ओमैक्स सोसायटी के अंदर घुसकर एक महिला के साथ अभद्रता करने वाले श्रीकांत त्यागी के समर्थकों को जमानत मिल गई है। छह समर्थकों की जमानत मंजूर कर दी गई है। इन सभी आरोपियों ने बीते 8 अगस्त को सोसायटी में हंगामा किया था।

2 min read
Aug 16, 2022
srikant_tyagi_samarthak.jpg

नोएडा की ओमैक्स सोसायटी के अंदर घुसकर एक महिला के साथ अभद्रता करने वाले श्रीकांत त्यागी के समर्थकों को जमानत मिल गई है। छह समर्थकों की जमानत मंजूर कर दी गई है। इन सभी आरोपियों ने बीते 8 अगस्त को सोसायटी में हंगामा किया था। जिसके बाद पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। दरअसल, नोएडा पुलिस ने एक महिला के साथ अभद्रता करने के आरोपी श्रीकांत त्यागी के समर्थन में पीड़ित महिला के साथ बदसलूकी करने और उसे धमकाने के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार किया था। ये सभी गाजियाबाद के रहने वाले हैं।

आरोपियों ने सेक्टर-93 स्थित एक सोसायटी में रहने वाली पीड़ित महिला के घर हंगामा किया था। लोकेंद्र त्यागी, राहुल त्यागी, रवि पंडित, प्रिंस त्यागी, नितिन त्यागी, चर्चिल राणा सहित 10 से अधिक लोग पहुंचे थे। इन लोगों ने श्रीकांत त्यागी के खिलाफ मामला दर्ज कराने वाली महिला के साथ बदसलूकी की थी और उसे धमकाया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने इनमें से छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि बाकी भाग निकले। सभी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। 9 अगस्त को पुलिस ने इन सभी को जेल भेज दिया था। अब जिला अदालत ने इन सभी छह लोगों प्रिस त्यागी, नितिन त्यागी, लोकेंद्र त्यागी, राहुल त्यागी, रवि पंडित और चर्चिल को जमानत दे दी है।

श्रीकांत त्यागी को लेकर हुआ था विवाद

गौरतलब है कि महिला ने सेक्टर 93-बी में आवासीय सोसायटी में नियमों के उल्लंघन का हवाला देते हुए श्रीकांत त्यागी ने कुछ पेड़ लगाने पर आपत्ति जताई थी। त्यागी ने महिला के साथ कथित तौर पर बदसलूकी से बात की थी और अभद्र व्यवहार किया था। उसे धक्का भी दिया था। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। आरोपी श्रीकांत त्यागी के खिलाफ पहले से ही हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं। करीब 10 साल पहले पाकिस्तान के नंबर से मिली धमकी के बाद वह चर्चा में आया था।

Published on:
16 Aug 2022 03:18 pm