
नोएडा। उत्तर प्रदेश का गौतमबुद्ध नगर इस समय कोरोना वायरस के चलते हॉटस्पॉट बन चुका है। आए दिन संक्रमित मरीजों की पुष्टि हो रही है। बुधवार को ही दो नए मरीजों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। जिनमें नोएडा के सेक्टर-22 स्थित चौड़ा रघुनाथपुर गांव की रहने वाली एक महिला और सुपरटेक केपटाउन हाउसिंग सोसायटी में रहने वाले एक पुरुष शामिल हैं। इसके साथ ही जनपद में मरीजों की संख्या 60 पहुंच गई है। वहीं इनमें से अब तक 12 मरीज ठीक भी हो चुके हैं
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ ए.पी चतुर्वेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि चौड़ा रघुनाथपुर गांव की रहने वाली महिला के पति में कोरोना वायरस की पुष्टि पूर्व में हुई थी। जिसके बाद महिला को भी क्वारंटाइन किया गया था। उसकी रिपोर्ट बुधवार को आई, जिसमें कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। वहीं दूसरा मामला सुपरटेक केपटाउन सोसाइटी का है। जहां रहने वाले युवक में संक्रमण मिला है। इसके परिवार के सदस्यों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई थी।
वहीं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इन दोनों के परिवारों के जिन सदस्यों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई वह सीजफायर कंपनी से जुड़े हुए हैं। यह वही कंपनी है जिसके कारण जनपद में करीब 70 फीसदी केस सामने आए हैं। इस कंपनी पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा एफआईआर भी दर्ज कराई गई है। वहीं कंपनी के डायरेक्टर में भी कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है।