नोएडा

निकाय चुनाव 2017: बड़े-बड़े नेताओं का बैनर उतार फेंका प्रशासन ने, देखें वीडियो

प्रत्याशी ने बिना प्रशासन की अनुमति के प्रचार सामग्री का प्रयोग किया तो उस व्यक्ति से जुर्माना वसूलने के साथ-साथ उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
2 min read
• •
Updated: 29 Oct 2017, 5:40 PM IST
poster

ग्रेटर नोएडा। चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद में प्रशासन ने शनिवार को बैनर, पोस्टर और होर्डिंग्स हटाने का अभियान चलाया। यहां के दादरी, जेवर, जहांगीपुर और दनकौर में प्रचार सामग्री हटाई गई है। चुनाव आचार संहिता के दौरान किसी भी प्रकार की प्रचार सामग्री लगाने के लिए प्रशासन से अनुमत्ति लेनी होगी। अगर किसी प्रत्याशी ने बिना प्रशासन की अनुमति के प्रचार सामग्री का प्रयोग किया तो उस व्यक्ति से जुर्माना वसूलने के साथ-साथ उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी

सूबे में निकाय चुनावों की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। प्रदेश में नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद में आचार संहिता लागू हो गई है। जिससे देखते हुए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। दादरी एसडीएम ने पुलिस और नगर पालिका परिषद की टीम के साथ मिलकर शहर में लगे होर्डिंग्स, बैनर पोस्टरों को हटाया। रेलवे रोड और जीटी रोड समेत गली-मोहल्लों में टीम ने बैनर को उखाड़ फेंका। एसडीएम अमित कुमार ने बताया कि कोई प्रत्याशी परमिशन लेकर पोस्टर व बैनर लगाता है तो यह खर्चा उसके खाते में जोड़ा जाएगा। बगैर परमिशन के होर्डिंग्स व बैनर लगाता पकड़ा गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि जिले में दूसरे चरण में 26 नवम्बर को निकाय चुनाव होने हैं। जिसको लेकर प्रशासन भी अलर्ट हो गया है।

होर्डिंग्स उतारकर जब्त कर लिया

वहीं जेवर, बिलासपुर , रबूपुरा, जहांगीरपुर, दनकौर नगर एरिया में भी पोस्टर और बैनर हटाए गए हैं। एसडीम जेवर और कोतवाली प्रभारी राजपाल सिंह, सीओ जेवर जगतराम जोशी ने स्थानीय पुलिस बल के साथ प्रचार के लिए लगाए गए बैनरों को हटाया। इस दौरान नगर पंचायत कर्मियों ने सत्तारूढ़ पार्टी के साथ साथ अन्य सभी पार्टियों के होर्डिंग्स, बैनर, बोर्ड, आदि को उतारकर जब्त कर लिया। प्रशासनिक अफसरों की माने तो बगैर अनुमति के प्रचार सामग्री नहीं लगाई जाएगी।

Published on: