
ग्रेटर नोएडा। जिले में होने वाले नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत चुनाव के लिए कड़ी निगरानी होगी। जिले में नगर पालिका और 5 नगर पंचायतों में मतदान होना है। निष्पक्ष व शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए पोलिंग बूथों पर वेबकॉस्टिंग की सुविधा उपलब्ध होगी। वेबकॉस्टिंग के जरिए चुनाव के दौरान नजर रखी जाएगी। साथ ही पल-पल की जानकारी आॅनलाइन भी देखी जा सकती है। इसके अलावा साथ ही अतिसंवेदनशील मतदान स्थलों पर ड्रोन कैमरों से नजर रखी जाएगी। जिलाधिकारी की माने तो चुनाव प्रक्रिया पर पूरी नजर लखनऊ से रखी जाएगी। साथ ही जिला प्रशासन भी नजर रखेगा। फायदा यह होगा कि बूथ कैप्चरिंग की घटना होने पर पुलिस तुंरत मौके पर पहुंच जाएगी। वहीं पोलिंग के आस-पास पुलिस की भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था होगी।
निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी और एसएसपी ने प्रेस कांफ्रेंस की। डीएम बीएन सिंह ने बताया कि चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण कराने के लिए प्रशासन की तरफ से पूरी तैयारी कर ली गई है। उन्होंंने बताया कि जिले में होने वाले नगरपालिका परिषद, नगर पंचायत अध्यक्ष व वार्ड सदस्यों के चुनाव पूरी तरह सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होंगे। सभी पोलिंग बूथ पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। चुनाव की पूरी वेबकॉस्टिंग की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रशासन कैमरों के जरिए चुनाव पर नजर रखेंगे। वहीं लखनऊ से चुनाव की मॉनिटरिंंग होगी। उन्होंंने बताया कि जहां मतदाता अपना वोट डालेंगे, उस एरिया को कैमरे की नजर से दूर रखा जाएगा। वहीं उसके आस-पास की जगह पर कैमरों से नजर रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि चुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहेगा।
बगैर पैरामिलिट्री फोर्स के होंगे चुनाव
एसएसपी लव कुमार ने बताया कि पैरामिलिट्री फोर्स के बगैर ही चुनाव संपन्न कराए जाने हैं। उन्होंने बताया कि चुनाव के लिए पुलिस बल की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि अगर बाहर से पुलिस फोर्स की आवश्यकता पड़ी तो बुला ली जाएगी। साथ ही कहा कि अतिसंवेदनशील केंद्रोें पर ड्रोन कैमरों से नजर रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि बूथ कैप्चरिंग की घटनाओं को रोकने के लिए कैमरों से मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने बताया कि मतदान केंद्र पर पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था होगी।
वहींं असमाजिक तत्वों को पहले ही चयनित कर कार्रवाई की जा रही है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। ताकि किसी भी कीमत पर कोई असमाजिक तत्व चुनाव में समस्या न उत्पन्न करें। गौरतलब है कि दादरी नगर पालिका में कुल 80091 मतदाता है। जबकि दनकौर नगर पंचायत में 10657, रबूपुरा में 12715, बिलासपुर में 7558, जेवर में 24452 और जहांगीरपुर में 8463 मतदाता है। 26 नवंबर को जिले में 1 नगर पालिका परिषद और 5 नगर पंचायत में 182 मतदान स्थल पर 1 लाख 43 हजार 936 वोटर डालने हैं।
सीटों की डिटेंल
निकाय — पद की संख्या — अध्यक्ष पद के निर्वाचन — वार्डों की संख्या
दादरी
नगरपालिका परिषद — 1 — सामान्य — 25
नगर पंचायत दनकौर — 1 — सामान्य — 11
नगर पंचायत बिलासपुर — 1 — रिजर्व अनुसूचित(महिला) — 10
नगर पंचायत जेवर — 1 — रिजर्व अनुसूचित(महिला) — 16
नगर पंचायत रबूपुरा — 1 — समान्य — 12
नगर पंचायत जहांगीरपुर — 1 — समान्य — 10