ओपिनियन

आपकी बात, वर्षा जल निकासी की समय रहते व्यवस्था क्यों नहीं की जाती?

पाठकों की मिलीजुली प्रतिक्रियाएं मिलीं, पेश हैं चुनिंदा प्रतिक्रियाएं

2 min read
Jun 26, 2024

पार्षद दिखाएं सक्रियता
स्थानीय निकायों और प्रशासन की लापरवाही के कारण हर साल बारिश का पानी मुसीबत बन जाता है। मानसून पूर्व नगर निगम द्वारा औपचारिकता के लिए नाले-नालियों से कचरा निकाला जाता है और वहीं पर उसे छोड़ दिया जाता है, जिसके कारण थोड़ी सी वर्षा में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति निर्मित हो जाती है जिससे लोगों को आने-जाने में कठिनाई होती है। जहां जलभराव की समस्या है, वहां नाला निर्माण कराना चाहिए और नियमित रूप नाले-नालियों की साफ-सफाई करानी चाहिए। पार्षदों को नियमित रूप से वार्डों की साफ-सफाई की मॉनिटरिंग करनी चाहिए। नाले-नालियों की साफ-सफाई के दौरान निकले मलबे को तुरंत कचरा वाहन में डाल कर उसे निश्चित स्थान पर डलवाया जाना चाहिए।
—आलोक वालिम्बे, बिलासपुर, छत्तीसगढ़
……………
भर जाता है सड़कों पर पानी
नगर पालिका एवं नगर निगम की उदासीनता के कारण समय रहते वर्षा जल निकासी की व्यवस्था नहीं की जाती। इससे सड़कों पर पानी भर जाता है। कई बार घरों एवं सार्वजनिक स्थानों पर दूषित जल भर जाता है। वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने एवं जल निकासी मार्गो के उचित रखरखाव से इस समस्या पर नियंत्रण पाया जा सकता है।।
—विनायक गोयल, रतलाम, मध्यप्रदेश
…………..

समय पर हो सफाई
वर्षा जल निकासी की समय रहते व्यवस्था नहीं की जाती। इससे हादसे होते हैं।  यदि समय रहते नालों की सफाई हो जाए, तो हादसों से बचा जा सकता हैं।  
—प्रियव्रत चारण, जोधपुर
…………..

जन प्रतिनिधि अपना दायित्व निभाए
जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि वर्षा होने के पूर्व अपने अपने नालों की सफाई सुनिश्चित करें। समय रहते जनता भी आवाज उठाए और स्थानीय निकायों को वर्षाजल निकासी सुनिश्चित करने हेतु बाध्य करे। जन प्रतिनिधियों को अपना दायित्व निभाना चाहिए।
—  मुकेश भटनागर, भिलाई, छत्तीसगढ
……………

भ्रष्टाचार और शहरीकरण भी कारण
सरकारी प्रक्रिया में भ्रष्टाचार और सरकारी नियमों का सख्ती से पालन न  होने के कारण, जल निकासी की परियोजनाएं समय पर पूरी नहीं की जाती। ठेकेदार और अधिकारी अपनी जेब भरने में लगे रहते हैं और कार्य में लापरवाही करते हैं। बढ़ते हुए शहरीकरण के कारण भी जल निकासी की व्यवस्था समय पर नहीं हो पाती है। जनता भी इस मुद्दे के प्रति जागरूक और संवेदनशील नहीं है।
—लहर सनाढ्य, उदयपुर
……………

प्राकृतिक जल बहाव मार्ग बाधित
अनियोजित शहरी विकास तथा नवनिर्मित सड़क मार्गों ने प्राकृतिक जल बहाव मार्गों कों बाधित किया है। यही वजह है बारिश में कई स्थानों पर आवासीय बस्तियां ही नहीं खेत भी जल मग्न हो जाते हैं।  
— हुकुम सिंह पंवार, इन्दौर
………………..

प्रशासनिक लापरवाही का नतीजा
वर्षा जल निकासी की समय रहते व्यवस्था नहीं किए जाने के लिए प्रशासनिक लापरवाही जिम्मेदार लगती है।बारिश में सड़कों और नालियों में भरा पानी  हादसों का कारण बनता है। मानसून से पूर्व नालियों,सीवरेज की सफाई जरूरी है।
—शिवजी लाल मीना, जयपुर
……………

Updated on:
26 Jun 2024 06:33 pm
Published on:
26 Jun 2024 03:51 pm
Also Read
View All

अगली खबर