ओपिनियन

पाठक पीठ : पाठकों के सराहनीय पत्र Last Week Nov 2026

अखबार सिर्फ खबरों का आईना नहीं होता, वह समाज की सोच, सरोकारों एवं संवाद का मंच भी होता है और इस मंच को सबसे अधिक जीवंत बनाते हैं आप यानी हमारे पाठक। आपकी राय, आपके सवाल, आपकी असहमति और आपके सुझाव ही लोकतांत्रिक संवाद की असली ताकत हैं। तो आइए लिखिए, सवाल उठाइए, सुझाव दीजिए और स्वस्थ संवाद को आगे बढ़ाइए। आप अपने पत्र हमें ई-मेल edit@epatrika.com पर भेज सकते हैं।
2 min read
• •
Updated: 22 Nov 2026, 7:21 PM IST
Pathak Peeth 1

बढ़ता ट्रैफिक, बढ़ती दुर्घटनाएं
जयपुर में बढ़ता ट्रैफिक अब सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बन रहा है। सुबह स्कूलों के समय जाम, तेज रफ्तार, गलत तरीके से ओवरटेक करना और हेलमेट के बिना वाहन चलाना हादसों का खतरा बढ़ाते हैं। प्रशासन को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। अभिभावकों की भी जिम्मेदारी है कि वे बच्चों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दें। वाहन चालकों को भी जल्दबाजी से बचते हुए यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। सड़क पर थोड़ी सी सावधानी कई जिंदगियां बचा सकती है।
- विजेंद्र कुमार जांगिड़, जयपुर
----------------------------------

मरुस्थल में प्रकृति का वरदान हैं खडीन
15वीं शताब्दी में जैसलमेर के पालीवाल ब्राह्मणों ने वर्षा जल का संचय कर खडीन में खेती करने की अनूठी व्यवस्था विकसित की थी। खडीन पहाड़ियों के बीच स्थित कम गहराई वाले ऐसे क्षेत्र होते हैं, जहां शेलयुक्त और चिकनी मिट्टी पानी को नीचे रिसने से रोकती है। इससे वर्षा जल जमा रहता है और खेती के लिए नमी उपलब्ध होती है। कुलधरा, भादासर, खींया और सम क्षेत्र की खडीनें इस पारंपरिक जल संरक्षण पद्धति के उदाहरण हैं।
- वेद प्रकाश लाल, जयपुर
---------------------------------

स्कूलों में मोबाइल पर पाबंदी हो
अमरीका की तर्ज पर भारत के स्कूलों में भी मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर पाबंदी लगाने पर विचार करना चाहिए। कक्षा तीन से दसवीं तक के करीब 33 लाख विद्यार्थियों पर हुए एक शोध में मोबाइल पर प्रतिबंध से एकाग्रता बढ़ने के संकेत मिले हैं। साथ ही गणित और पठन क्षमता के परिणामों में भी सुधार देखा गया। अमरीका के 40 से अधिक राज्यों में स्कूलों में मोबाइल फोन के उपयोग पर प्रतिबंध लगाया गया है। यह कदम बच्चों को पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने में मदद कर सकता है। भारत में भी विद्यार्थियों की उम्र और शैक्षणिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए स्कूलों में मोबाइल फोन के इस्तेमाल को नियंत्रित किया जाना चाहिए।
- शिवजी लाल मीना, जयपुर
-----------------------------------

वेतन में सुधार करें
कॉरपोरेट टैक्स में कटौती का फायदा बड़े कॉरपोरेट घरानों तक ही सीमित रह गया। यही वजह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उद्योगपतियों से कर्मचारियों का वेतन बढ़ाने का सवाल पूछना पड़ा। उद्योग जगत को केवल मुनाफा बढ़ाने पर ध्यान देने के बजाय कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति सुधारने की दिशा में भी कदम उठाने चाहिए।
- बिपिन चंद्र जोशी, बेंगलूरु

Updated on:
22 Nov 2026, 7:21 PM IST
Published on: