अन्य खेल

जानें, कौन है एशियन पैरा गेम्स में होटल महिला कर्मी से छेड़खानी करने वाला मोहम्मद शम्स आलम शेख? अब लग सकता है आजीवन बैन

Who is Mohammad Shams Alam Sheikh: भारतीय पैरा तैराक मोहम्मद शम्स आलम शेख एशियन पैरा गेम्‍स 2026 में महिला होटल कर्मी से कथित यौन उत्पीड़न और छेड़छाड़ मामले में वापस स्‍वेदश भेज दिया गया है। अब खबर आ रही कि इस खिलाड़ी को पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया आजीवन बैन भी कर सकती है। आइये आपको भी बताते हैं कि ये खिलाड़ी कौन है?
2 min read
• •
Oct 22, 2026
Who is Mohammad Shams Alam Sheikh
भारतीय पैरा तैराक मोहम्मद शम्स आलम शेख। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/PeoplesUpdate)

Who is Mohammad Shams Alam Sheikh: जापान में जारी एशियन पैरा गेम्स 2026 में एक भारतीय पैरा तैराक पर महिला होटल कर्मी से कथित यौन उत्पीड़न और छेड़छाड़ के गंभीर आरोप लगे हैं। बताया जा रहा है कि 40 वर्षीय मोहम्मद शम्स आलम शेख को आरोपों के बाद जापान की पुलिस ने हिरासत में भी लिया और मंगलवार को स्‍वेदश रवाना कर दिया है। अब खबर आ रही है कि पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया उन पर आजीवन प्रतिबंध भी लगा सकती है। आइये आपको भी बताते हैं कि ये पैरा खिलाड़ी कौन है?

परिवार के साथ मुंबई के धारावी में रहते हैं मोहम्मद शम्स आलम शेख

दरअसल, मोहम्मद शम्स आलम शेख एक भारतीय पैरा तैराक हैं, जो कि मूल रूप से बिहार के जिले मधुबनी के रहने वाले हैं। फिलहाल वह अपने परिवार के साथ मुंबई के धारावी में रहते हैं। वह पुरुषों की 100 मीटर बटरफ्लाई S5 और 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक SB4 कैटेगरी में वर्ल्‍ड के नंबर-1 तैराक भी रह चुके हैं।

उन्‍होंने जकार्ता में हुए एशियन पैरा गेम्स 2018 में 200 मीटर और 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में स्‍वर्ण पदक जीते थे। 2025 में रेक्याविक अंतरराष्‍ट्रीय खेलों में भी वह 200 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में गोल्ड जीत चुके हैं। वह एशियन पैरा गेम्स 2026 में वह लगातार तीसरे एडिशन में हिस्सा लेने वाले थे, लेकिन गंभीर आरोपों के चलते उन्‍हें बगैर इवेंट उतरे वापस भेज दिया गया है।

24 की उम्र में पैरालाइज हो गई थी कमर से नीचे की बॉडी

बता दें कि पैरा तैराक मोहम्मद शम्स आलम शेख पहले कराटे में ब्लैक बेल्ट और नेशनल लेवल के एथलीट रह चुके हैं। 24 साल की आयु में रीढ़ की हड्डी में ट्यूमर की सर्जरी के दौरान उनके कमर के नीचे का हिस्सा पैरालाइज हो गया था, जिसके बाद उन्‍होंने तैराकी में अपना करियर बनाया। शेख के नाम खुले समुद्र में सबसे लंबी दूरी तक तैराकी करने का वर्ल्‍ड रिकॉर्ड दर्ज है।

शिकायत मिलते ही पहुंची आयोजन समिति

मीडिया रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि घटना सोमवार की है। भारतीय पैरा स्विमिंग टीम जिस होटल में ठहरी थी। एक महिला हाउसकीपिंग कर्मी शेख के कमरे में काम कर रही थी, इसी बीच कथित घटना हुई। शिकायत मिलते ही स्थानीय आयोजन समिति वहां पहुंची और भारतीय अधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद जापान की पुलिस ने उन्‍हें हिरासत में लिया। इसके बाद मंगलवार को भारत के रवाना कर दिया गया।

Updated on:
22 Oct 2026 11:35 am
Published on:
22 Oct 2026 11:13 am