अन्य खेल

टी20 वर्ल्ड कप जीतने पर क्रिकेटरों को मिले 5 करोड़, लेकिन हॉकी खिलाड़ियों को मिले मात्र 15 लाख

हॉकी इंडिया ने पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को 15-15 लाख रुपये और सहयोगी स्टाफ के हर सदस्य को 7.5 लाख रुपये के पुरस्कार देने की घोषणा की है।
2 min read
Feature image

Paris Olympics 2024: भारतीय हॉकी टीम ने पेरिस ओलंपिक 2024 में शानदार प्रदर्शन करते हुए हासिल किया। भारतीय टीम पदक का रंग नहीं बदल सकी लेकिन उसने 52 साल के लंबे अंतराल के बाद लगातार दो कांस्य पदक जीतने का कमाल किया है। भारतीय टीम ने ओलंपिक के इतिहास में कुल 13वां और अपना चौथा कांस्य पदक हासिल किया है। भारतीय हॉकी की इस जीत से पेरिस से भारत तक और हर गांव व शहर तक खेलप्रेमी खुशी से झूम उठे हैं।

इसी बीच हॉकी इंडिया ने पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को 15-15 लाख रुपये और सहयोगी स्टाफ के हर सदस्य को 7.5 लाख रुपये के पुरस्कार देने की घोषणा की है।

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप टिर्की ने टीम के ऐतिहासिक प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा, 'यह जीत हमारे खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ की कड़ी मेहनत, दृढ़ संकल्प और लचीलेपन का प्रमाण है। लगातार दो ओलंपिक पदक जीतना एक असाधारण उपलब्धि है जो विश्व मंच पर भारतीय हॉकी के पुनरुत्थान को दर्शाता है। हॉकी इंडिया की ओर से मैं पूरी टीम और सहयोगी स्टाफ को उनके असाधारण प्रदर्शन और समर्पण के लिए बधाई देता हूं। यह पुरस्कार राशि उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सराहना के तौर पर है। मैं पीआर श्रीजेश को उनके शानदार करियर और भारतीय हॉकी में उनके अमूल्य योगदान के लिए हार्दिक बधाई देना चाहता हूं। उनकी विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगी।'

हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा, 'भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने पेरिस में अपनी उल्लेखनीय उपलब्धि से एक बार फिर देश को गौरवान्वित किया है। टीम की एकता, कौशल और दृढ़ता ने देश भर के लाखों हॉकी प्रशंसकों को खुशी दी है। मैं कप्तान हरमनप्रीत सिंह, दिग्गज पीआर श्रीजेश और पूरी टीम को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई देना चाहता हूं। हॉकी इंडिया हमारे एथलीटों का समर्थन करने और भारत में हॉकी के विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।'

चिंता की बात यह है कि हालही में भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 जीता था। तब क्रिकेटरों को पांच -पांच करोड़ रुपये दिये गए थे। उनकी तुलना में हॉकी खिलाड़ियों को मिली यह राशि ना के बराबर है।

Updated on:
09 Aug 2024 04:58 pm
Published on:
09 Aug 2024 04:58 pm