
Football Player Died due to Lightning: फुटबॉल मैच के दौरान आसमानी बिजली गिरने से एक खिलाड़ी की मौत का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। यह दुखद घटना रविवार की रात पेरू के हुआनकायो शहर में हुई। जहां जुवेंटुड बेलाविस्टा और फैमिलिया चोका फुटबॉल क्लब के बीच एक मैच खेला जा रहा था। वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि बारिश के चलते खेल रुकने पर खिलाड़ी मैदान से बाहर जा रहे हैं। इसी बीच अचानक मैच रेफरी और एक खिलाड़ी के बीच आसमानी बिजली गिरती है और सभी खिलाड़ी जमीन पर गिर जाते हैं।
दरअसल, मैच के दौरान बारिश आने से खेल रोक दिया गया। जब खिलाड़ी मैदान से बाहर जा रहे थे, तब अचानक 39 वर्षीय खिलाड़ी जोस हुगो डी ला क्रुज मासा के ऊपर अचानक बिजली गिरी। इससे उनकी तुरंत मौत हो गई, जबकि उनके साथ चल रहा मैच रेफरी और आगे चल रहे कई खिलाड़ी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल खिलाडि़यों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बता दें कि इस दिल दहला देने वाली घटना का वीडियो एक्स पर नेक्सटा नाम के अकाउंट से 4 नवंबर को शेयर किया गया है। खबर लिखे जाने तक इस वीडियो को करीब दो लाख लोग देख चुके थे।