अन्य खेल

हरियाणा विधानसभा चुनाव : भाजपा की पहली लिस्ट में तीन दिग्गज खिलाड़ियों को मिली जगह

सोमवार को भारतीय जनता पार्टी ने हरियाणा विधानसभा सीट के लिए 78 विधानसभा सीट का ऐलान किया है। इसमें उसने तीन दिग्गज खिलाड़ियों को जगह दी है।
less than 1 minute read
• •
Updated: 30 Sep 2019, 5:25 PM IST
yogeshwar dutt

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए आज अपनी पहली लिस्ट जारी की है। जारी पहली लिस्ट में 78 प्रत्याशियों के नाम घोषित किए गए हैं। इस सूची में तीन विश्व स्तरीय खिलाड़ी ओलंपियन पहलवान योगेश्वर दत्त, बबीता फोगाट और भारतीय हॉकी टीम के पूर्व सदस्य संदीप सिंह को टिकट दिया है। बता दें कि हरियाणा में कुल 90 सीटें हैं।

पहली बार ये तीनों लड़ेंगे चुनाव

ये तीनों खिलाड़ी पहली बार राजनीति के अखाड़े में उतरे हैं। इन तीनों ने पिछले दिनों ही भाजपा की सदस्यता ली है। इनमें से योगेश्वर दत्त को बरोदा से टिकट दिया गया है तो वहीं बबीता फोगाट दादरी सीट से अपनी चुनौती पेश करेंगी, जबकि हॉकी खिलाड़ी संदीप सिंह पेहोवा सीट से चुनाव लड़ेंगे। ये तीनों खिलाड़ी हरियाणा में काफी लोकप्रिय हैं। भाजपा को उम्मीद है कि इनके चुनाव लड़ने से न सिर्फ उन सीटों पर फायदा होगा, जहां से यह चुनाव लड़ रहे हैं, बल्कि इनके कारण आसपास की सीट भी निकल जाएगी। इतना ही नहीं, भाजपा इन तीनों खिलाड़ियों को स्टार प्रचारक की लिस्ट में जगह दे सकती है।

हरियाणा में 21 को है चुनाव

हरियाणा में 21 अक्टूबर को विधानसभा का चुनाव होना है, जबकि मतों की गिनती 24 अक्टूबर को होगी। नामांकन भरने की आखिरी तारीख चार अक्टूबर तक है और नाम वापसी की अंतिम तिथि सात अक्टूबर है। बता दें कि हरियाणा विधानसभा का कार्यकाल 2 नवंबर को समाप्त हो रहा है। वर्तमान में हरियाणा में भाजपा की सरकार है। मनोहर लाल खट्‌टर हरियाणा के मुख्यमंत्री है। इस बार भाजपा ने अकेले हरियाणा की कुल 90 सीटों पर चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। उसने राज्य में किसी के साथ गठबंधन नहीं किया है। उसका लक्ष्य राज्य में दो तिहाई सीटें जीतना है।

Updated on:
30 Sep 2019, 5:25 PM IST
Published on: