अन्य खेल

IND vs PAK: रोमांचक मुक़ाबले में भारत ने पाकिस्तान को 5-3 से हराया वर्ल्ड कप से बाहर किया, दूसरे राउंड में पहुंची टीम इंडिया

विश्व कप 2026 के महामुकाबले में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ शानदार जीत दर्ज करते हुए दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया। पाकिस्तान पिछले 10 सालों से भारत से एक भी मुक़ाबला नहीं जीत पाया है।
2 min read
Aug 19, 2026
India vs Paksitan
भारत ने पाकिस्तान को 5-3 से हारा वर्ल्ड कप से बाहर किया (photo - Hockey India)

India vs Pakistan, FIH Hockey World Cup Belgium & Netherlands: पुरुष हॉकी विश्व कप 2026 के पूल-डी का आखिरी मुकाबला बुधवार को नीदरलैंड्स के एमस्टेलवीन में वैगनर स्टेडियम में खेला गया। इस रोमांचक मुकाबले में भारत ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 5-3 से हरा दिया। इस जीत के साथ भारत अगले राउंड में पहुंच गया है। वहीं पाकिस्तान का सफर इस विश्व कप में खत्म हो गया है।

भारत ने शुरू से पकड़ बनाए रखी

भारत ने मुकाबले की शुरुआत दमदार अंदाज में की और गेंद पर कंट्रोल बनाया। मैच के चौथे मिनट में ही भारतीय टीम को पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसका भरपूर फायदा उठाते हुए कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचा दिया। 1-0 की बढ़त को भारत ने जल्द ही दोगुना कर दिया। मैच के 11वें मिनट में अभिषेक से मिले शानदार पास को मंदीप सिंह ने गोल में तब्दील किया। पहले क्वार्टर में 2-0 की बढ़त के साथ भारतीय टीम का पूरी तरह से दबदबा रहा।

हरमनप्रीत ने बढ़त दिलाई

दूसरे क्वार्टर का आगाज भी भारतीय टीम ने शानदार तरीके से किया। मैच के 20वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील करते हुए कप्तान हरमनप्रीत ने भारत की बढ़त को 3-0 कर दिया। हालांकि, इसके बाद पाकिस्तान ने मैच में कुछ हद तक वापसी करने की कोशिश की। मैच के 21वें मिनट में पाकिस्तान की तरफ से हन्नान शाहिद ने पहला गोल दागा।

पाकिस्तान का पलट वार

इसके ठीक दो मिनट बाद ही अभिषेक ने एक और शानदार गोल दागा और भारत की बढ़त को 4-1 कर दिया। मैच के 24वें मिनट में सुफियान खान ने पाकिस्तान की ओर से दूसरा गोल किया और स्कोर को 4-2 कर दिया। तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में भारत के सुखजीत सिंह को ग्रीन कार्ड मिला। मैच के 34वें मिनट मे भारत ने अपनी बढ़त को 5-2 कर दिया। भारत के लिए पांचवां गोल हार्दिक सिंह ने पेनल्टी स्ट्रोक पर दागा। चौथे और अंतिम क्वार्टर की शुरुआत पाकिस्तान के लिए अच्छी रही। मैच के 45वें मिनट में पाकिस्तान के हन्नान शाहिद ने गोल करते हुए स्कोर को 5-3 कर दिया।

पाकिस्तान को नहीं करने दी बराबरी

इसके बाद भारत और पाकिस्तान की तरफ से गोल करने के कई प्रयास किए गए, लेकिन किसी भी टीम को सफलता हाथ नहीं लगी। हरमनप्रीत की कप्तानी में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को गोल करने का कोई और मौका नहीं दिया। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने अगले राउंड में अपनी जगह बना ली है। वहीं, हार के साथ पाकिस्तान का विश्व कप में सफर समाप्त हो गया है।

Updated on:
19 Aug 2026 08:34 pm
Published on:
19 Aug 2026 08:28 pm