
भारतीय शटलर लक्ष्य सेन (Photo Credit - IANS)
BWF World Championships: बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत की उम्मीदों को बुधवार को बड़ा झटका लगा। स्टार खिलाड़ी लक्ष्य सेन इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में दूसरे राउंड में अमेरिका के 18 वर्षीय खिलाड़ी गैरेट टैन के खिलाफ उलटफेर का शिकार हो गए।
लक्ष्य को गैरेट टैन ने तीन गेम तक चले रोमांचक मुकाबले में हराया। 14वीं वरीयता प्राप्त और 2021 वर्ल्ड चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाले सेन ने पहला गेम तो जीता, लेकिन अपनी लय बरकरार नहीं रख सके। वर्ल्ड नंबर 92 खिलाड़ी टैन ने वापसी करते हुए 19-21, 21-19, 21-17 से जीत हासिल की। वर्ल्ड चैंपियनशिप में यह टैन का पहला मुकाबला था और उन्होंने मैच को सिर्फ 73 मिनट में खत्म कर दिया।
लक्ष्य ने कड़े मुकाबले वाले पहले गेम में अपना संयम बनाए रखा, लेकिन चीनी-अमेरिकी खिलाड़ी टैन ने दूसरे गेम की शुरुआत से ही बढ़त बना ली। हालांकि, पेरिस ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतने से मामूली अंतर से चूकने वाले लक्ष्य के पास चार गेम प्वाइंट थे, लेकिन वह अमेरिकी खिलाड़ी को निर्णायक गेम तक ले जाने से नहीं रोक सके।
आखिरी गेम में टैन ने अपने बेहतरीन नेट प्ले और जबरदस्त स्मैश से लक्ष्य को परेशान किया। कोर्ट बदलने के समय अमेरिकी खिलाड़ी सात प्वाइंट से आगे था, जिससे लक्ष्य पर भारी अंतर पाटने का दबाव आ गया। हालांकि, भारतीय शटलर ने शानदार वापसी करते हुए लगातार छह प्वाइंट हासिल किए, जिससे अंतर घटकर सिर्फ दो प्वाइंट (10-12) रह गया और उनकी चुनौती को नई उम्मीद मिली। जब टैन 17-15 से आगे थे, तो उन्हें सिर में चोट (संभावित कनकशन) के कारण मेडिकल मदद लेनी पड़ी। इस रुकावट से लक्ष्य की लय बिगड़ती दिखी और अगले छह प्वाइंट में से भारतीय खिलाड़ी सिर्फ दो ही जीत सका, जबकि अमेरिकी खिलाड़ी ने यादगार जीत हासिल की।
इस हार के साथ ही लक्ष्य का अभियान शुरुआती दौर में ही खत्म हो गया और अब पुरुष सिंगल्स ड्रॉ में भारत की उम्मीदें सिर्फ आयुष शेट्टी पर टिकी हैं। इससे पहले मंगलवार को सेन ने शुरुआती झटके से उबरते हुए ऑस्ट्रिया के कॉलिन्स फिलिमोन को 16-21, 21-8, 21-4 से हराकर अपने अभियान की शुरुआत की थी।
Updated on:
19 Aug 2026 07:34 pm
Published on:
19 Aug 2026 07:33 pm
