18 अगस्त 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

India vs Pakistan: भारत-पाकिस्तान कल भिड़ेंगे हॉकी वर्ल्‍ड कप में, जानें चिर प्रतिद्वंद्वियों के बीच भारतीय फैंस कब-कहां देख सकेंगे लाइव मैच

India vs Pakistan: हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में चिर प्रतिद्वंद्वी भारत और पाकिस्‍तान के बीच महामुकाबला कल 19 अगस्‍त को खेला जाएगा। नीदरलैंड्स के एम्सटेलवीन स्थित वैगनर स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मुकाबले को भारतीय फैंस कब-कहां लाइव देख सकते हैं? आइये आपको भी बताते हैं।
2 min read
Google source verification

भारत

image

lokesh verma

Aug 18, 2026

India vs Pakistan, FIH World Cup 2026

हॉकी वर्ल्‍ड कप 2026 में भारत बनाम पाकिस्‍तान मैच। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/panchshulpulse)

India vs Pakistan in FIH World Cup 2026: हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में बुधवार 19 अगस्‍त को एक हाईवोल्‍टेज मुकाबला खेला जाना है, जिसका दुनिया भर के हॉकी फैंस को बड़ी बेसब्री से इंतजार है। ये मुकाबला चिर प्रतिद्वंद्वी भारत और पाकिस्‍तान के बीच खेला जाना है। दोनों देशों को आखिरी पूल डी में रखा गया है। भारतीय टीम जहां हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई में इस अहम मुकाबले को जीतकर दूसरे राउंड के लिए क्‍वालीफाई करना चाहेगी। वहीं, अबू बकर महमूद के नेतृत्‍व वाली पाकिस्तान की टीम के लिए ये मैच करो या मरो वाला होगा।

ड्रॉ के बाद अगले चरण में पहुंच सकता है भारत

बता दें कि भारतीय हॉकी टीम ग्रुप डी में तीन पॉइंट्स के साथ दूसरे पायदान पर काबिज है। अगर वेल्स इंग्लैंड को हराने में नाकाम रहता है तो पाकिस्‍तान के खिलाफ ड्रॉ भी उसके लिए अगले चरण में पहुंचने के लिए काफी होगा। वहीं, पाकिस्तान वेल्स के खिलाफ एक रोमांचक ड्रॉ के बाद एक पॉइंट पर है और उसके लिए ये मुकाबला करो या मरो वाला होगा।

भारत और पाकिस्‍तान के बीच हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में मुकाबला कब और कहां खेला जाएगा?

भारत बनाम पाकिस्‍तान हॉकी वर्ल्ड कप 2026 ग्रुप डी चरण का मुकाबला नीदरलैंड्स के एम्सटेलवीन स्थित वैगनर स्टेडियम में बुधवार 19 अगस्‍त को भारतीय समयानुसार, शाम 6.30 बजे से खेला जाएगा।

भारत-पाकिस्‍तान के बीच हॉकी वर्ल्ड कप 2026 का मुकाबला भारतीय फैंस कहां देख सकते हैं?

भारत बनाम पाकिस्‍तान हॉकी वर्ल्ड कप 2026 मुकाबले की लाइव स्‍ट्रीमिंग आप भारत में जियोहॉटस्‍टार पर देख सकते हैं। जबकि इस मैच का टीवी पर लाइव प्रसारण आप स्टार स्पोर्ट्स पर देख सकते हैं।

पाकिस्‍तान टीम को लेजेंड से मिली अहम सलाह

भारतीय कप्‍तान हरमनप्रीत सिंह सबसे अच्छे ड्रैग फ़्लिकर है और वह शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने इस वर्ल्ड कप में भारत के लिए पांच में से तीन गोल किए हैं। वह टूर्नामेंट के टॉप स्कोरर हैं। उनके खतरे को देखते हुए पाकिस्तान के लेजेंड और नेशनल टीम के मौजूदा चीफ सिलेक्टर समीउल्लाह खान ने पाकिस्‍तान टीम को मैच से पहले सलाह देते हुए कहा है कि भारत को रोकने के लिए कहना जितना आसान है, करना उतना ही मुश्किल है। उन्‍होंने कहा कि मैं पाकिस्तान के कप्तान को सलाह दूंगा कि वे एक मजबूत डिफ़ेंस रखें और पहले क्वार्टर में भारत को कोई पेनल्टी कॉर्नर न दें।