U-17 World Wrestling Championships में भारतीय महिला पहलवानों ने पांच स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। भारत ने 8 पदकों के साथ पहली बार टीम खिताब भी 185 अंकों के साथ अपने नाम किया है।
U-17 World Wrestling Championships: भारतीय महिला पहलवानों ने अम्मान में आयोजित अंडर-17 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में अपनी धाक जमाते हुए टीम खिताब पर कब्जा जमाया। यह पहली बार है जब भारतीय टीम ने विश्व चैंपियनशिप में ओवरऑल खिताब जीता है। भारतीय महिला टीम ने यहां अपना दबदबा बनाते हुए पांच स्वर्ण, एक रजत व दो कांस्य समेत कुल आठ पदक जीते हैं। भारतीय टीम 185 अंकों के साथ यहां विजेता बनी। अब पुरुष वर्ग में भी ऐसे ही प्रदर्शन की उम्मीद है। भारत ने वैसे इस चैंपियनशिप में अब तक कुल 10 पदक जीते हैं। दो पदक ग्रीको रोमन वर्ग से उसकी झोली में आए हैं।
अदिति कुमारी, नेहा सांगवान, पुलकित और मानसी लाठर ने शुक्रवार को स्वर्ण पदक जीते थे, जबकि काजल ने शनिवार को देश को पांचवां स्वर्ण पदक दिलाया। काजल ने 69 किग्रा भार वर्ग में यूक्रेन की ओलेक्सांद्रा रयबक पर 9-2 से शानदार जीत दर्ज करके स्वर्ण पदक जीता। हालांकि, श्रुतिका को जापान की यू कट्सुमे से मात खाने के बाद रजत पदक से संतोष करना पड़ा, जिन्होंने 46 किग्रा का स्वर्ण पदक मुकाबला मात्र 40 सेकंड में पूरा किया।
पुरुष फ्रीस्टाइल वर्ग में भारतीय पुरुष पहलवानों ने हालांकि निराश किया और शुरुआती राउंड के बाद आगे नहीं बढ़ पाए। हर्ष, विवेक, जयवीर सिंह, सागर और जसपूरन सिंह उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए। हालांकि इनमें से कुछ रेपचेज राउंड में उतरेंगे जिससे उनकी कांस्य पदक जीतने की राह खुलेगी।
पिछले साल इस्तांबुल में आयोजित अंडर-17 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में भारत ने 1 स्वर्ण, 7 रजत और 3 कांस्य पदक जीते थे। इस साल भारत ने 5 स्वर्ण पदक जीतकर अपनी स्थिति को और मजबूत किया है। भारतीय पहलवानों के इस प्रदर्शन से यह साबित होता है कि भारतीय कुश्ती का भविष्य उज्ज्वल है, और आने वाले वर्षों में ये युवा पहलवान और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगे।