
मैरी कॉम (फोटो- मैरी कॉम इंस्टाग्राम )
भारतीय बॉक्सिंग की दिग्गज खिलाड़ी मैरी कॉम इन दिनों अपने खेल से ज्यादा निजी जीवन को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में एक टॉक शो में दिए गए उनके बयान ने सोशल मीडिया पर तीखी बहस छेड़ दी थी, जिसके बाद अब मैरी कॉम ने आधिकारिक तौर पर सामने आकर अपने बयान पर सफाई दी है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि उनके शब्द किसी भी खेल, खिलाड़ी या पूरे पुरुष समाज के खिलाफ नहीं थे, बल्कि लंबे समय से दबे निजी दर्द का परिणाम थे।
आप की अदालत शो के दौरान मैरी कॉम ने अपने पूर्व पति ओनलर कॉम के साथ रिश्तों पर खुलकर बात की थी। इसी बातचीत के बाद उनका “एक रुपया भी नहीं कमाया” वाला बयान वायरल हो गया। कई लोगों ने इसे उनके पूर्व पति के करियर और योगदान पर सीधा हमला माना। सोशल मीडिया पर यह टिप्पणी फुटबॉल और पुरुष समाज से जोड़कर देखी गई, जिससे व्यापक आलोचना शुरू हो गई। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मैरी कॉम ने कहा कि उनका बयान पूरी तरह निजी संदर्भ में था और किसी समुदाय को नीचा दिखाने के इरादे से नहीं दिया गया था।
मैरी कॉम ने स्पष्ट किया कि उनकी शादी को पूरी तरह असफल बताना गलत है। उन्होंने कहा कि कई साल तक सब कुछ ठीक था, लेकिन जब भरोसा पूरी तरह टूट गया, तब हालात बदल गए। उन्होंने यह भी बताया कि तलाक के बाद अप्रैल 2025 में उनके खिलाफ एक प्रेस रिलीज जारी हुई, इसके बावजूद उन्होंने सार्वजनिक रूप से या मीडिया में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। उनके अनुसार, वह हमेशा गरिमा और संयम के साथ खुद को प्रस्तुत करती रही हैं और व्यक्तिगत मुद्दों को सार्वजनिक विवाद बनाने से बचती आई हैं।
विवाद का एक बड़ा हिस्सा उन खेल प्रेमियों से आया, जिन्हें लगा कि मैरी कॉम ने युवा फुटबॉल खिलाड़ियों के संघर्ष को कमतर आंका है। इस पर उन्होंने साफ कहा कि उन्हें फुटबॉल से कोई विरोध नहीं है और वह इस खेल को दिल से पसंद करती हैं। उन्होंने सुनील छेत्री और भाईचुंग भूटिया जैसे दिग्गजों का उदाहरण देते हुए कहा कि हर खिलाड़ी गली से शुरुआत करता है और मेहनत व दृढ़ता से ही ऊंचाई तक पहुंचता है। मैरी कॉम ने स्वीकार किया कि उनका बयान भावनात्मक रूप से अत्यधिक तनाव के क्षण में आया, जब वर्षों का दर्द, डिप्रेशन और विश्वासघात एक साथ सामने आ गया। उन्होंने व्यापक पुरुष समाज से माफी मांगते हुए कहा कि उनका बयान किसी विचारधारा या सीख के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।
Updated on:
02 Feb 2026 12:12 pm
Published on:
02 Feb 2026 12:11 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
