अन्य खेल

आईएसएल-4: केरला के सामने बेंगलुरू बना चुनौती

दोनों टीमों के बीच यह मैच जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेला जाएगा।
2 min read
• •
Updated: 31 Dec 2017, 11:42 AM IST
Bangalore,Kerala,Indian Super League,Kerala Blasters,ISL,

कोच्चि। केरला ब्लास्टर्स आज इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के चौथे सीजन में बेंगलुरू एफसी की मेजबानी करेगी। दोनों टीमों के बीच यह मैच जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेला जाएगा।

अगर तालिका पर नजर डाली जाए तो अब चौथे सीजन का हर मैच अहम हो गया है और इस कारण दोनों टीमें अपने हक में निर्णय चाहेंगी। इससे पहले बेंगलुरू-चेन्नयन एफसी तथा चेन्नयन एफसी-केरला ब्लास्टर्स के बीच दो साउदर्न डर्बी हो चुके हैं।

बेंगलुरू के लिए यह मैच इसलिए अहम है क्योंकि इससे हासिल तीन अंकों से वह 15 अंकों के साथ 10 टीमों की तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच जाएगी। दूसरी ओर, रेने की टीम इस सीजन की अपनी दूसरी जीत दर्ज करना चाहेगी।

बीते साल एटीके के खिलाफ फाइनल खेलने वाली केरला टीम इस सीजन में अब तक खेले गए छह मैचों में से सिर्फ एक जीत सकी है। उसके हिस्से चार ड्रॉ और एक हार है। यह टीम सात अंकों के साथ तालिका में अभी आठवें स्थान पर है।

केरला के लिए कुछ चिंता की बात रही है। खिलाड़ियों का चोटिल होना इनमें से एक है। रविवार को भी स्टार स्ट्राइकर दिमितार बेर्बातोव का खेल पाना तय नहीं है।

बेंगलुरू एफसी ने लीग में शानदार शुरुआत की लेकिन धीरे-धीरे वह लय से भटक गई। अल्बर्ट रोका की टीम को लगातार दो मैचों में हार मिली। अब उसके सामने नेहरू स्टेडियम में 'येलो आर्मी' के खिलाफ खेलने की चुनौती है, जो कतई आसान नहीं होगी।

बेंगलुरू के सहायक कोच नौशाद मूसा ने रोका के स्थान पर मैच पूर्व संवाददाता सम्मेलन में हिस्सा लिया। मूसा ने कहा कि प्रतिस्पर्धा बढ़ रही है और इसी कारण हाल के मैचों में उनकी टीम को हार मिली है।

मूसा ने कहा कि केरला के खिलाफ रविवार को होने वाला मुकाबला काफी कठिन होगा। केरला अच्छा खेल रही है और साथ ही उसके अच्छे खेल में उसके जुनूनी दर्शकों का काफी अहम रोल रहा है।

Published on: