
नोमी : 29 साल के केटी इरफान रविवार को टोक्यो ओलंपिक 2020 के लिए क्वालिफाई करने वाले पहले भारतीय बन गए। इसके साथ ही उन्होंने विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप का भी टिकट कटा लिया। उन्होंने जापान के नोमी में चल रहे एशियाई पैदल चाल चैम्पियनशिप के 20 किलोमीटर स्पर्धा में चौथे स्थान पर रहकर टोक्यो ओलम्पिक का टिकट कटाया। टोक्यो ओलंपिक का टिकट कटाने के लिए इस स्पर्धा की क्वालिफिकेशन मार्क एक घंटे 21 मिनट रखी गई थी और इरफान ने इस टूर्नामेंट में एक घंटे 20 मिनट और 57 सेकेंड में अपनी स्पर्धा पूरी कर इसे हासिल कर लिया, जबकि इसी साल कतर के दोहा शहर में 27 सितंबर से 6 अक्टूबर तक होने वाली विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए क्वालिफिकेशन मार्क एक घंटा 22 मिनट और 30 सेकेंड थी।
राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी इरफान के नाम
बता दें कि केरल के रहने वाले इरफान के नाम इस स्पर्धा का राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी है। यह रिकॉर्ड उन्होंने 2012 के लंदन ओलम्पिक में बनाया था। लंदन ओलंपिक में उन्होंने इस स्पर्धा में एक घंटे 20 मिनट 21 सेकंड का समय लेकर वह 10वें स्थान पर रहे थे, जो राष्ट्रीय रिकॉर्ड है।
अन्य किसी भारतीय एथलेटिक्स को अभी नहीं मिला है ओलंपिक टिकट
इरफान पहले भारती एथलीट हैं, जिन्हें 2020 टोक्यो ओलिंपिक का टिकट मिला है। अभी कोई और भारतीय एथलीट को ओलंपिक का टिकट नहीं मिला है। इस स्पर्धा के लिए ओलंपिक पात्रता की अवधि इस साल एक जनवरी से शुरू हुई, जो 31 मई 2020 तक रहेगी, जबकि एथलेटिक्स के अन्य इवेंट्स के लिए के लिए पात्रता टूर्नामेंट इसी साल एक मई से शुरू होकर अगले साल 29 जून चलेंगे।