अन्य खेल

Paris Paralympic Games 2024 का आगाज आज से, रिकॉर्ड 1983 महिला पैरा एथलीट लेंगी हिस्‍सा

Paris Paralympic Games 2024 में सर्वाधिक 1983 महिला पैरा एथलीट चुनौती पेश करेंगी। वहीं, भारत के 84 पैरा एथलीट पेरिस पैरालंपिक खेलों में शिरकत करने के लिए उतरेंगे, जिसमें 32 महिला एथलीट शामिल हैं।

2 min read

Paris Paralympic Games 2024: 17वें पैरालंपिक खेलों की 28 अगस्त से शुरुआत होने जा रही है। पेरिस पहली बार इन खेलों की मेजबानी करेगा। खास यह है कि इस बार पैरालंपिक खेलों में पुरुष और महिला पैरा एथलीटों के बीच भागीदारी को लेकर बहुत कम अनुपात रह गया है। यह खेल की दुनिया में लैंगिक समानता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पेरिस में कुल 4400 एथलीट चुनौती पेश करने के लिए उतरेंगे, जिसमें रिकॉर्ड 1993 महिला पैरा एथलीट हैं। यह संख्या कुल एथलीटों की 45 फीसदी है, जबकि टोक्यो ओलंपिक 2020 से तीन फीसदी ज्यादा है। टोक्यो में 1846 महिला एथलीटों ने भाग लिया था।

कई खेलों में संख्या बराबर

पेरिस पैरालंपिक में उच्च स्तर की लैंगिक समानता वाले कई पैरा खेल शामिल होंगे। पैरा बैडमिंटन, गोलबॉल, पैरा रोइंग और व्हीलचेयर बास्केटबॉल में पुरुष और महिला एथलीटों की संख्या बराबर है।

जेसिका लोंग टोक्यो में सबसे सफल

अमरीका की 32 वर्षीय पैरा तैराक जेसिका लोंग टोक्यो 2020 पैरालंपिक की सबसे सफल महिला एथलीट में से एक थीं। उन्होंने टोक्यो में कुल छह पदक जीते थे, जिसमें तीन गोल्ड थे। पांच बार पैरालंपिक खेलों में शिरकत कर चुकी जेसिका के नाम कुल 29 पदक हैं, जिसमें 16 गोल्ड, 08 रजत और 05 कांस्य हैं। वह अब पेरिस में रिकॉर्ड कायम करना चाहती हैं।

भारतीय दल में 32 महिलाएं शामिल

भारत के 84 पैरा एथलीट पेरिस पैरालंपिक खेलों में शिरकत करने के लिए उतरेंगे। इस दल में 32 महिला एथलीट शामिल हैं, जो अभी तक की सबसे बड़ी संख्या है। भारतीय एथलीट 12 खेलों में भाग लेंगे।

टोक्यो में अवनि व भाविना ने जीते थे पदक

टोक्यो पैरालंपिक गेम्स 2020 में भारत ने कुल 19 पदक जीते थे, जिसमें से तीन महिला एथलीटों ने हासिल किए थे। शूटिंग में अवनि लेखरा ने दो पदक जीते, जिसमें एक स्वर्ण और एक कांस्य था। वहीं, एक पदक टेबल टेनिस में भाविना पटेल ने जीता था।

20 पदक जीतने का लक्ष्य

भारतीय दल की निगाहें पेरिस में 20 पदकों का आंकड़ा पार करने पर है। टोक्यो में भारत ने पांच स्वर्ण, आठ रजत और 06 कांस्य जीते थे।

खुले में आयोजित होगा उद्घाटन समारोह

पैरालंपिक खेलों का उद्घाटन समारोह भी खुले में आयोजित होगा। यह समारोह प्रतिष्ठित चैंप्स-एलिसीज पर आयोजित होगा और एथलीटों की परेड पैलेस डे ला कॉनकॉर्ड तक होगी। प्लेस डे ला कॉनकॉर्ड एक प्रतिष्ठित पेरिसियन स्क्वायर है जो चैंप्स-एलिसीज और तुइलरीज गार्डन के बीच स्थित है।

पाकिस्तान के दल में सिर्फ एक एथलीट

पड़ोसी देश पाकिस्तान का सिर्फ एक एथलीट पेरिस पैरालंपिक खेलों में भाग लेगा। टोक्यो में स्वर्ण पदक जीतने वाले डिस्कस थ्रोअर हैदर अली की निगाहें अपने खिताब का बचाव करने पर होंगी। पाकिस्तान ने पैरालंपिक इतिहास में कुल तीन पदक जीते हैं और ये तीनों ही पदक हैदर अली ने दिलाए हैं। उन्होंने 2008 में रजत और 2016 में कांस्य जीता था।

Published on:
28 Aug 2024 08:27 am
Also Read
View All

अगली खबर