अन्य खेल

PKL 2025: टाइब्रेकर में हरियाणा स्टीलर्स ने खोला जीत का खाता, यू मुंबा को हैट्रिक से रोका

नवीन के सेल्फ आउट होने के बाद मुंबा ने सात मिनट के भीतर हरियाणा को आलआउट कर 12-2 की लीड ले ली। आलइन के बाद संदीप ने मुंबा को एक अंक दिलाया लेकिन विनय ने मल्टीप्वाइंटर के साथ इसका जवाब दिया। विनय यही नहीं रुके और एक बार फिर दो अंक की रेड के साथ स्कोर 6-13 कर दिया।

3 min read
Sep 04, 2025
हरियाणा स्टीलर्स ने यू मुंबा को टाईब्रेकर में 7-6 से हराया (Photo - PKL 2025)

Haryana Steelers against U Mumba, PKL 2025: मौजूदा चैंपियन हरियाणा स्टीलर्स ने बुधवार को खेले गए प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के 12वें सीजन के 12वें मैच में यू मुंबा को टाईब्रेकर में 7-6 से हरा दिया। निर्धारित समय में 36-36 के स्कोर पर मैच टाई होने के बाद हरियाणा ने शिवम पटारे के सुपर रेड औऱ अंतिम पलों में नवीन के बोनस से जीत का खाता खोला।

आज यहां विश्वनाध स्पोर्ट्स क्लब स्टेडियम में 40 मिनट के खेल में भी नवीन ने 9 अंक के साथ प्रभावित किया था। विनय (8) और शिवम (6) ने उनका अच्छा साथ दिया था। इन तीनों ने मिलकर 12 अंक हासिल करने वाले अजीत चौहाण की यू मुंबा को इस सीजन में जीत की हैट्रिक से रोका। यह इस सीजन का तीसरा ट्राइब्रेकर था। मुंबा ने अजीत के दो मल्टीप्वाइंटर रेड की बदौलत दो मिनट में ही 5-0 की लीड ली ले ली लेकिन इसके बाद हरियाणा ने लगातार दो अंक के साथ वापसी की राह पकड़ी लेकिन शिवम पटारे के सेल्फ आउट होने के बाद अजीत ने कप्तान जयदीप को आउट कर स्कोर 7-2 किया और हरियाणा को सुपर टैकल की स्थिति में ला दिया।

नवीन के सेल्फ आउट होने के बाद मुंबा ने सात मिनट के भीतर हरियाणा को आलआउट कर 12-2 की लीड ले ली। आलइन के बाद संदीप ने मुंबा को एक अंक दिलाया लेकिन विनय ने मल्टीप्वाइंटर के साथ इसका जवाब दिया। विनय यही नहीं रुके और एक बार फिर दो अंक की रेड के साथ स्कोर 6-13 कर दिया। हरियाणा ने वापसी की राह पकड़ ली थी। शिवम ने एक और मल्टीप्वाइंटर के साथ न सिर्फ स्कोर 8-14 किया बल्कि मुंबा को आलआउट की ओर भी धकेल दिया। मुंबा के पास सुपर टैकल का मौका था लेकिन वह इसका लाभ नहीं ले सकी और इस तरह हरियाणा ने स्कोर 12-16 कर दिया।

आलइन के बाद दोनों टीमों ने 4-4 अंक लिया। 4 का फासला बना हुआ था। हरियाणा ने हालांकि बीते पांच मिनट में 5 के मुकाबले 11 अंक हासिल किए थे। मुंबा के लिए अजीत लगातार अंक ले रहे थे जबकि विनय और शिवम ने हरियाणा को मुकाबले में बनाए रखा था। 17वें मिनट में अजीत को लपकते हुए हरियाणा ने स्कोर 19-20 कर दिया। मुंबा के लिए फिर से सुपर टैकल आन था। अगली रेड पर विनय ने स्कोर बराबर कर दिया लेकिन मुंबा ने हाफटाइम से ठीक पहले विनय का शिकार कर सुपर टैकल के 2 अंक के साथ 23-20 की लीड ले ली।

हाफटाइम के बाद शिवम ने फिर से मुंबा को सुपर टैकल की स्थिति में डाला लेकिन संदीप ने उसे उबार लिया। अगली रेड पर रोहित ने शिवम को लपका। इस बीच संदीप ने डू ओर डाई रेड पर जयदीप को आउट कर हरियाणा को सुपर टैकल सिचुएशन में ला दिया लेकिन नवीन ने मल्टीप्वाइंटर के साथ उसे इस स्थिति से निकाल लिया। अब मुंबा के लिए सुपर टैकल आन था। कप्तान सुनील ने शिवम को डैश कर स्कोर 28-24 कर दिया और फिर विनय को लपक मुंबा ने लीड 5 की कर ली। ब्रेक के बाद अजीत ने सुपर-10 पूरा किया। इस बीच नवीन ने लगातार दो अंक लेकर फासला 4 का कर दिया और फिर जयदीप ने अजीत को डैश कर स्कोर 28-31 किया लेकिन विजय ने विनय को सुपर टैकल कर फासला फिर 5 का कर दिया।

नवीन अगली रेड पर मुंबा को सुपर टैकल सिचुएशन में लाए और फिर सुपर रेड के साथ उसे आलआउट कर हरियाणा को 34-33 से लीड दिला दी। अजीत ने हालांकि स्कोर बराबर कर दिया। एक मिनट बचा था और मुंबा 1 अंक से आगे थे। 36-35 के स्कोर पर अजीत डू ओर डाई रेड पर गए। वह लपके गए और इस तरह मैच टाईब्रेकर में चला गया।

टाईब्रेकर में रोहित पहली रेड पर गए लेकिन लपके गए। हरियाणा 1-0 से आगे हो गए। फिर शिवम सुपर रेड के साथ हरियाणा को 4-0 से आगे कर दिया। इसके बाद अजीत रेड पर गए औऱ जयदीप ने एक अंक लुटा दिया। स्कोर 1-4 था। फिर विनय ने हरियाणा के लिए रेड कर एक अंक ले लिया। हरियाणा 5-1 से आगे थे। फिर जफरदानेश रेड पर आए और जयदीप ने फिर अंक लुटा दिया। स्कोर 2-5 था। हरियाणा के लिए तीसरी रेड पर जयसूर्या आए और रिंकू को बाहर कर स्कोर 6-2 कर दिया। इसके जयदीप ने संदीप को भी एक अंक दे दिया। स्कोर 3-6 था। फिर मुंबा ने राहुल को लपक लिया। स्कोर 5-6 था। हरियाणा के लिए अंतिम रेड पर नवीन आए लपके गए लेकिन इससे पहले वह बोनस ले चुके थे। इस तरह हरियाणा ने 7-6 से यह मैच जीत लिया।

Published on:
04 Sept 2025 07:40 am
Also Read
View All

अगली खबर