अन्य खेल

Pro Kabaddi league : बेंगलुरू बुल्स ने जयपुर को हराया, यूपी ने बंगाल को हरा पटना को किया प्लेऑफ से बाहर

बेंगलुरू की इस सीजन में जयपुर पिंक पैंथर्स के खिलाफ यह दूसरी जीत है। वहीं, दूसरी तरफ जयपुर की टीम को हार के साथ छठे सीजन से रुखसत होना पड़ा। टीम की जोन-ए में 22 मैचों में यह 13वीं हार रही। उसने 43 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर रहकर लीग का समापन किया।
2 min read
pkl
Pro Kabaddi league : बेंगलुरू बुल्स ने जयपुर को हराया, यूपी ने बंगाल को हरा पटना को किया प्लेऑफ से बाहर

नई दिल्ली। पवन सहरावत के 16 अंकों के दम पर बेंगलुरू बुल्स ने प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के छठे सीजन के अपने आखिरी ग्रुप मैच में गुरुवार को जयपुर पिंक पैंथर्स को 40-32 से हरा दिया। जोन-बी से प्लेऑफ के लिए पहले ही अपना स्थान पक्का कर चुकी बेंगलुरू की 22 मैचों में यह 13वीं जीत रही। उसने 78 अंकों के साथ शीर्ष पर रहते हुए ग्रुप-चरण का समापन किया।

बेंगलुरू की इस सीजन में जयपुर पिंक पैंथर्स के खिलाफ यह दूसरी जीत है। वहीं, दूसरी तरफ जयपुर की टीम को हार के साथ छठे सीजन से रुखसत होना पड़ा। टीम की जोन-ए में 22 मैचों में यह 13वीं हार रही। उसने 43 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर रहकर लीग का समापन किया। क्वालिफायर-1 में बेंगलुरू बुल्स का सामना गुजरात फार्च्यूनजाएंटस से होगा। बेंगलुरू की टीम यहां नेताजी इंडोर स्टेडियम में पहले हाफ में बेंगलुरू के पास तीन अंकों की बढ़त थी और उसका स्कोर 19-16 का था। टीम ने दूसरे हाफ में अच्छे प्रदर्शन कायम रखते हुए आठ अंकों से मैच जीत लिया।

बेंगलुरू की ओर से सहरावत के अलावा रोहित कुमार ने पांच अंक हासिल किए। टीम ने रेड से 25, टैकल से 10, ऑलआउट से चार और एक अतिरिक्त अंक लिए। दूसरी तरफ जयपुर की ओर से कप्तान दीपक हुड्डा ने सर्वाधिक 13 अंक लिए। उन्होंने इसके साथ ही लीग के इतिहास में अपने 700 रेड पॉइंट्स भी पूरे किए। उनके अलावा सेल्वामणि ने आठ अंक जुटाए। टीम को रेड से 23 और टैकल से नौ अंक मिले।

यूपी ने बंगाल को हरा पटना को किया प्लेऑफ से बाहर
यूपी योद्धा ने गुरुवार को प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के छठे सीजन के मैच में नेताजी इंडोर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मेजबान बंगाल वॉरियर्स को 41-25 से हरा दिया। यूपी की इस जीत से तीन बार की मौजूदा विजेता पटना पाइरेट्स प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई है। पटना ने अपने सभी 22 मैच खेल लिए हैं और उसके 55 अंक हैं। वहीं इस मैच से पहले यूपी के 21 मैचों में 52 अंक थे। यह उसका आखिरी मैच था जिसे जीत उसने अपने खाते में पांच अंक डाले और पटना को बाहर कर प्लेऑफ में जगह बनाई।

यूपी ने शुरू से ही एकतरफा खेल खेला। बंगाल ने पहले हाफ की शुरुआत में हालांकि कुछ टक्कर दी और 6-3 की बढ़त ले ली थी। छठे मिनट में यूपी ने स्कोर 7-7 से बराबर कर लिया। यहां से यूपी ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और पहले हाफ का अंत 19-11 के स्कोर के साथ किया। दूसरे हाफ में भी सूरत नहीं बदली और यूपी ने बंगाल को लगातार बैकफुट पर रखा। यूपी ने लगातार अंक लेकर फासले को इतना बढ़ा दिया कि बंगाल का वापसी करना मुश्किल हो गया। आखिरकार यूपी को जीत मिली और वह प्लेऑफ का टिकट कटाने में सफल रही।

Published on:
28 Dec 2018 11:43 am
Also Read
View All