अन्य खेल

रानी समेत महिला हॉकी टीम के 7 सदस्यों ने कोरोना को दी मात, जल्द शुरू करेंगी ट्रेनिंग

भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल समेत सात सदस्य कोरोना से ठीक हो गई हैं और अब वे भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) सेंटर में ट्रेनिंग करने को लेकर बेहद उत्साहित हैं।
less than 1 minute read
• •
Updated: 8 May 2021, 9:47 PM IST
hockey_team.jpg

नई दिल्ली। भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल (Rani Ramotar) समेत सात सदस्य कोरोना से ठीक हो गई हैं और अब वे भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) सेंटर में ट्रेनिंग करने को लेकर बेहद उत्साहित हैं। रानी के अलावा सविता पूनिया, शर्मिला देवी, रजनी, नवजोत कौर, नवनीत कौर और सुशीला के साथ कोरोना वायरस के चपेट में आने वालों में टीम के वीडियो विश्लेषक अमृतप्रकाश और वैज्ञानिक सलाहकार वेन लोम्बार्ड शामिल थे।

ये 24 अप्रैल को हुई जांच में कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद पिछले दो हफ्ते से क्वारंटाइन में थे। ये खिलाड़ी ब्रेक के बाद बेंगलुरु में नेशनल कैंप में महिला हॉकी कोर ग्रुप की वापसी के बाद पॉजिटिव पाई गई थीं।

रानी ने ट्विटर पर लिखा, पिछले दो हफ्तों के दौरान मैसेज और फोन कॉल के माध्यम से प्यार और मानसिक समर्थन के लिए आप सभी को धन्यवाद। मैं, टीम की मेरी साथी और सहयोगी कर्मचारी कोविड-19 से अब पूरी तरह उबर गए हैं।

उन्होंने कहा, हॉकी बिरादरी के सदस्यों, मित्रों, प्रशंसकों के तौर पर आप सब के होने से मैं खुद को धन्य मानती हूं। हमारी अच्छी देखभाल करने के लिए हॉकी इंडिया और साइ को विशेष धन्यवाद। कप्तान ने देशवासियों से आग्रह किया कि वे इन कठिन समय में जरूरतमंदों की हर संभव मदद करें।

Published on: