अन्य खेल

सिंगापुर ओपनः सिंधु-साइना ने कटाया दूसरे दौर का टिकट

सिंधु ने पहले दौर के मुकाबले में माइनाकी को हराया। साइना ने यूलिया को सीधे सेटों में हराया। समीर वर्मा भी अपना मुकाबला जीत दूसरे दौर में पहुंचे।
less than 1 minute read
Apr 10, 2019
Saina Nehwal and PV Sindhu

सिंगापुर। सिंगापुर ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार शुरुआत की है। बात महिला एकल वर्ग की करें तो पीवी सिंधु और साइना नेहवाल अपने-अपने मुकाबले जीतकर दूसरे दौर में पहुंचने में कामयाब रही हैं।

पहले ओलम्पिक सिल्वर मेडलिस्ट सिंधु की बात करें तो उन्होंने महिला एकल वर्ग के मुकाबले में दमदार प्रदर्शन करते हुए इंडोनेशिया की लयानी माइनाकी को सीधे सेटों में 21-9, 21-7 से हरा दिया। दूसरे दौर में भारतीय खिलाड़ी का सामना डेनमार्क की मिया ब्लिफेल्डट के खिलाफ होगा।

टूर्नामेंट में चौथी वरीयता प्राप्त सिंधु ने मैच की शुरुआत से ही दमदार खेल दिखाया और पहले गेम में एक बार बढ़त बनाने के बाद विपक्षी खिलाड़ी को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। दूसरे गेम में भी सिंधु आसानी से जीत दर्ज करने में कामयाब रही।

दूसरी ओर साइना नेहवाल का प्रदर्शन भी बेहद शानदार रहा। उन्होंने दमदार प्रदर्शन करते हुए इंडोनेशिया की यूलिया सुसांतो को सीधे सेटों में 21-16, 21-11 से शिकस्त दी।

साइना का मुकाबला दूसरे दौर में थाईलैंड की पोर्नपावी चोचुवोंग से होगा। चोचुवोंग ने पहले दौर में भारत की ही मुग्धा अगरे को सीधे सेटों में 21-6, 21-8 से हराया था।

दूसरी ओर, पुरुष एकल वर्ग के मुकाबले की बात करें तो इसमें भारतीय खिलाड़ी समीर वर्मा दूसरे दौर में पहुंचने में कामयाब रहे हैं। वर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले दौर के एकतरफा मुकाबले में थाईलैंड के सुपान्यू एविहिंगसन को 21-14, 21-6 से मात दी।

खेल समाचार (Sports News)से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर और पाएं क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस के हर अपडेट. IPL 2019 से जुड़ी ताज़ातरीन ख़बरों, LIVE IPL 2019 Match Score अपडेट तथा IPL Match Schedule के लिए Download करें patrika Hindi News App.

Published on:
10 Apr 2019 02:54 pm
Also Read
View All