
नई दिल्ली। भारत के स्टार मुक्केबाज विजेंदर सिंह ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से जकार्ता में हुए 18वें एशियाई खेलों में हेप्टाथलान में स्वर्ण पदक जीतने वाली स्वप्ना बर्मन के लिए घोषित 10 लाख की इनामी राशि को बढ़ाने की मांग की है। स्वप्ना एशियाई खेलों में हेप्टाथलान में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी है।
विजेंदर सिंह ने ममता को किया ट्वीट
विजेंदर ने ट्वीट किया, "प्रिय ममता दीदी, आपसे विनती है कि स्वप्ना बर्मन को दी जाने वाली इनामी राशी को बढ़ाया जाए।" इस राशी के अलावा पश्चिम बंगाल की सरकार ने स्वप्ना को नौकरी देने का भी वादा किया है। जलपाईगुड़ी की रहने वाली स्वप्ना ने 6026 अंकों का बेस्ट स्कोर अर्जित करते हुए सात स्पर्धाओं वाले खेल हेप्टाथलान में स्वर्ण जीता।
अब तक का भारत का सबसे शानदार प्रदर्शन
बता दें इस साल इंडोनेशिया के जकार्ता और पालेमबंग में आयोजित 18वें एशियाई खेलों में भारत ने अपना सर्वश्रेष्ठ पदर्शन किया और भारत ने 1951 में जीते 15 स्वर्ण पदकों की बराबरी कर ली है। भारत ने 15 स्वर्ण, 24 रजत और 30 कांस्य के साथ कुल 69 पदक जीते जबकि अपनी मेजबानी में 1951 में हुए पहले एशियाई खेल में भारतीय खिलाड़ियों ने 15 स्वर्ण, 16 रजत और 20 कांस्य के साथ कुल 51 पदक जीतकर तालिका में दूसरा स्थान हासिल किया था।
बेहद गरीब परिवार से हैं स्वपना
कुल पदकों के मामले में भी भारत ने 2010 एशियाई खेलों की पीछे छोड़ दिया। चीन के ग्वांगझो में हुए 2010 एशियाई खेलों में भारत ने कुल 65 पदक जीते थे। स्वपना बर्मन के कोच सुकांत सिन्हा ने बताया के स्वप्ना बेहद गरीब परिवार से थी लेकिन उसकी प्रतिभा देखकर उन्होंने उसे ट्रेनिंग दी। साल 2006 से 2013 तक सुकांत स्वपना के कोच रहे। उन्होंने बताया कि स्वप्ना जिद्दी है और शादय यही उसकी सबसे बड़ी ताकत भी है।