
Bhay The Gaurav Tiwari Mystery: हॉरर और पैरानॉर्मल कहानियों के शौकीनों के लिए एक बार फिर डर और रहस्य से भरी दुनिया लौटने वाली है। करण टैकर जल्द ही 'भय: द गौरव तिवारी मिस्ट्री' के दूसरे सीजन में नजर आएंगे। अभिनेता मार्च में इस सीरीज की शूटिंग शुरू करेंगे। पहले सीजन को मिले अच्छे रिस्पॉन्स के बाद मेकर्स अब इसकी कहानी को आगे बढ़ाने की तैयारी में हैं। सीजन 2 में भी करण एक बार फिर पैरानॉर्मल इन्वेस्टिगेटर गौरव तिवारी के किरदार में दिखाई देंगे।
रॉबी ग्रेवाल के निर्देशन में बने 'भय' के पहले सीजन में गौरव तिवारी की जिंदगी और उनके काम को दिखाया गया था। गौरव पैरानॉर्मल यानी अलौकिक घटनाओं की जांच के लिए जाने जाते थे। सीरीज में उनके प्रोफेशनल सफर के साथ उनकी रहस्यमयी मौत से जुड़ी परिस्थितियों को भी कहानी का हिस्सा बनाया गया था। इसमें कल्कि कोचलिन भी लीड रोल में नजर आई थीं।
दूसरे सीजन को लेकर करण टैकर ने कहा कि पहले सीजन को मिली सफलता पूरी टीम के लिए उत्साहजनक रही है। आज के समय में दर्शकों का ध्यान खींचना आसान नहीं है, ऐसे में किसी शो का दर्शकों पर गहरा असर छोड़ना और उनकी दिलचस्पी बनाए रखना बड़ी उपलब्धि है। एक्टर के अनुसार, सीरीज को अच्छा रिस्पॉन्स और रेटिंग मिली है। दूसरे सीजन का बनना इस बात का इशारा है कि पहले सीजन के लिए टीम ने जो मेहनत की थी, वो सक्सेस रही। बता दें, करण ने ये भी कहा कि उन्हें ऐसी कहानियों का हिस्सा बनना पसंद है, जो एक अभिनेता के तौर पर उन्हें कुछ नया करने का मौका देती हैं।
'भय 2' में गौरव तिवारी के किरदार में लौटने के लिए करण टैकर को अपने लुक में भी बड़ा बदलाव करना होगा। फिलहाल, एक्टर ने अपने एक दूसरे प्रोजेक्ट के सिलसिले में स्कॉटलैंड में हैं। इस दौरान उनके बाल लंबे हैं और उन्होंने दाढ़ी रखी हुई है।
हालांकि, 'भय' के लिए करण बाल छोटे करवाएंगे और क्लीन शेव लुक अपनाएंगे। उनका नया लुक असल जिंदगी में गौरव तिवारी के हुलिए से मिलता-जुलता होगा। उम्मीद है कि एक्टर दिसंबर में भारत लौटेंगे और इसके बाद नए सीजन की तैयारियों में जुट जाएंगे।
सीजन 2 को लेकर करण ने कहा कि इस बार टीम पहले सीजन में बनाई गई दुनिया को और आगे ले जाना चाहती है। नए सीजन में दर्शकों के सामने कहानी का एक और दिलचस्प अध्याय पेश किया जाएगा।
इसके साथ ही, ऑलमाइटी मोशन पिक्चर्स के बैनर तले बन रही 'भय: द गौरव तिवारी मिस्ट्री' के दूसरे सीजन की शूटिंग मार्च में शुरू होने की उम्मीद है। ये सीरीज अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी।