पाकिस्तान

बलूचिस्तान में पाकिस्‍तानी सेना को बड़ा झटका, विद्रोहियों ने की 5 सैनिकों की हत्या

HIGHLIGHTS बलूचिस्तान में एक सुरक्षा जांच चौकी पर अज्ञात हमलावरों ने अंधाधुंध गोलीबारी की जिसमें अर्द्धसैनिक बल के चार जवानों की मौत हो गई। बलूचिस्‍तान के पश्चिमी बाइपास इलाके में एक बम हमले को भी अंजाम दिया गया, जिसमें एक जवान की मौत हो गई जबकि दो अन्‍य घायल हो गए।
2 min read
Feb 19, 2021
pakistan.jpg
5 Pakistani Soldiers Killed in Balochistan By Rebellions

इस्लामाबाद। पाकिस्तानी सेना के खौफनाक और क्रूरतापूर्ण कार्रवाई से परेशान बलूचिस्तान के लोगों ने अब बदला लेना शुरू कर दिया है। यही कारण है कि अब आए दिन बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना के मौत की खबर सामने आती रहती है।

इसी कड़ी में अब पाकिस्तानी सेना को एक और बड़ा झटका लगा है। बलूचिस्तान में पांच सैनिकों की हत्या कर दी गई है। बताया जा रहा है कि बलूचिस्तान में एक सुरक्षा जांच चौकी पर अज्ञात हमलावरों ने अंधाधुंध गोलीबारी की जिसमें अर्द्धसैनिक बल के चार जवानों की मौत हो गई।

सूत्रों के हवाले से मीडिया रिपोर्ट्स में शुक्रवार को बताया गया है कि यह हमला गुरुवार को कोहलू जिले के कहान इलाके में हुआ। इसके अलावा, बलूचिस्‍तान के पश्चिमी बाइपास इलाके में एक बम हमले को भी अंजाम दिया गया, जिसमें एक जवान की मौत हो गई जबकि दो अन्‍य घायल हो गए।

रिपोर्ट्स के अनुसार, बंदूकधारियों ने जमान खान जांच चौकी पर हमला किया। इसमें फ्रंटियर कोर के चार जवानों की मौत हो गई। इसमें एक जवान घायल भी हुआ है। दूसरी तरफ बाइपास इलाके में रिमोट के जरिए किए गए बम धमाके में एक जवान की मौत हो गई। इस धमाके में दो अन्य घायल हो गए। बताया जा रहा है कि यह बम एक मोटरसाइकिल में रखा गया था।

पिछले साल अक्टूबर में मारे गए थे 14 पाकिस्तानी सैनिक

पाकिस्तानी मीडिया डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, बलूचिस्तान के विद्रोहियों ने यह बम अर्द्धसैनिक बलों की गाड़ी के पास खड़ा किया था। इस धमाके में घायल सबी लोगों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बता दें कि इससे पहले भी पाकिस्तानी सेना को निशाना बनाया जाता रहा है। पिछले साल अक्टूबर में विद्रोहियों ने पाकिस्तानी अर्धसैनिक बलों की सुरक्षा में जा रहे पाकिस्तानी तेल एवं गैस कर्मचारियों के काफिले पर हमला किया था, जिसमें 14 जवानों की मौत हो गई थी।

पाकिस्तानी अधिकारियों ने बताया था कि उग्रवादियों के इस हमले में पाकिस्तानी ऑयल एंड गैस डेवलपमेंट कंपनी के सात कर्मचारी मारे गए। इसके अलावा काफिले की सुरक्षा कर रही पाकिस्तान फ्रंटियर कोर के 6 सैनिकों की भी मौत हुई है।

पिछले दिन गुरुवार को उत्तरी वजीरिस्तान में एक सैन्य काफिले को निशाना बनाते हुए हमला किया गया, जिसमें पाकिस्तानी सेना के एक अधिकारी समेत छह सैन्यकर्मी मारे गए। सेना ने एक बयान में कहा कि आतंकवादियों ने उत्तरी वजीरिस्तान के रजमाक क्षेत्र के पास आईईडी के जरिए सैन्य काफिले को निशाना बनाया।

Updated on:
19 Feb 2021 07:40 pm
Published on:
19 Feb 2021 06:51 pm